सिलिकन वैली. माइक्रोसॉफ्ट ने इंटरनेट के बड़े खिलाड़ी याहू के टेकओवर के लिए 44.6 अरब डॉलर की बोली का प्रस्ताव रखा है लेकिन हो सकता है कि याहू इस प्रस्ताव को ठुकरा दे।
दुनिया के सबसे बड़े सॉफ्टवेयर निर्माता माइक्रोसॉफ्ट ने याहू के टेकओवर के लिए कैश और स्टोॅक में इस रकम की बोली लगाए जाने की खबरें 1 फरवरी को आई थीं। सैन फ्रांसिस्को के एक अखबार ने बेनाम सूत्रों के हवाले से लिखा है कि सोमवार को याहू एक पत्र के जरिए अपना फैसला माइक्रोसॉफ्ट को बताएगा।
सूत्रों के हवाले से लिखा गया है कि याहू के 10 सदस्यीय बोर्ड ने शुक्रवार को इस प्रस्ताव पर चर्चा की थी जिसमें माना गया कि प्रति शेयर 31 डॉलर की कीमत काफी कम है। इसके साथ ही याहू को इस जोखिम की चिंता भी है कि बाजार नियंता इस सौदे को ब्लॉक करने के कदम न उठाएं।
एक बाजार विशेषज्ञ संदीप अगरवाल के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसा लगता है कि इस कीमत पर माइक्रोसॉफ्ट का प्रस्ताव खारिज कर दिया जाएगा हालांकि यह माइक्रोसॉफ्ट को खारिज करना नहीं कहलाएगा। दूसरी तरफ, इस बारे में टिप्पणी करने से याहू और एमएस दोनों कंपनियों ने इंकार कर दिया है। इस हफ्ते फिर याहू के बोर्ड सदस्य मुलाकात कर सकते हैं।