HomeBusinessDalal Street Dalal Street

रिलायंस पावर की लिस्टिंग से कहां जाएगा बाजार

मुंबई: अनिल अंबानी की जिस रिलायंस पावर के शेयरों की लिस्टिंग पर दुनियाभर की निगाहें हैं, वह बाजार को किसी भी दिशा में ले जा सकती है।

एडेलवाइस कैपिटल के विकास खेमानी की राय में लिस्टिंग के बाद ही शेयर गिर गया तो बाजार भी नकारात्मक रुख दिखाएगा। रिलायंस पावर मुनाफे में जाता है तो बाजार भी सुधर जाएगा।

सवाल यह है कि शेयर भाव क्या रहेगा? जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेस ने 495-535 रुपए के प्राइस बैंड में दांव लगाया है। अब इससे ज्यादा जाता है तो वह बोनस है। फिलहाल कहा नहीं जा सकता कि शेयर किस भाव पर बंद होगा।

कार्वी स्टाक ब्रोकिंग के अंबरीष बालिगा का कहना है कि 600 रुपए पर शेयर की ओपनिंग होनी चाहिए। गणित यह है कि करीब 7 करोड़ रिटेल शेयर हैं और 2.25 करोड़ शेयर धनी व्यक्यितों (एचएनआई) के पास है।

शाह की राय में कई लोगों ने कर्ज लेकर आईपीओ में धन लगाया है। ये लोग तो लिस्टिंग होते ही अपना रास्ता नापना पसंद करेंगे। ये लोग ब्याज वगैरह जोड़कर तय करेंगे कि किस कीमत पर बेचा जाए। रिटेल निवेशक तो समझ रहे थे कि उनका धन दोगुना हो जाएगा।

रिलायंस पावर पर अब ग्रे मार्केट में दांव लगाने वाला नहीं है। लेकिन अनिल अंबानी भी शेयरों को खुलते ही गिरने नहीं देंगे। एक ब्रोकर ने कहा, ‘आखिर अनिल अंबानी की भी इज्जत का सवाल है? अगर 9 करोड़ शेयर बिकने आते हैं तो खरीदने के लिए करीब 2 अरब डॉलर की जरूरत होगी। अनिल जैसे आदमी के लिए यह ज्यादा बड़ी रकम नहीं है।’

सन कैपिटल सर्विसेस के एसपी जैन की राय है कि रिलायंस पावर का शेयर 625 रुपए से ऊपर लिस्ट होगा। एक बार आईपीओ का गुबार थम जाता है तो बाजार में बजट पूर्व की रैली शुरू हो जाएगी।

एचएसबीसी के फंड मैनेजर धीरज सचदेव की राय तो यह है कि कोई कारण नहीं है कि बाजार बिगड़े। बाजार का आकार इतना बड़ा है कि रिलायंस पावर की लिस्टिंग से प्रभावित नहीं होना चाहिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: