इंदौर. एयरपोर्ट रोड फोरलेन से सिक्सलेन करने के मंत्री के निर्देश के बाद इसका पीलिया खाल (चंद्रशेखर व्यास सेतु) से बड़ा गणपति तक का हिस्सा किस विभाग का है, इसे लेकर ही संशय की स्थिति बन गई है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने नगर निगम का बताया तो निगम ने कहा हमारा है नहीं लेकिन विभाग मना करेगा तो हम बना देंगे। इस बीच विभाग ने सिक्सलेन करने के लिए फोरलेन प्रोजेक्ट की डीटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) ही रिवाइज्ड कर भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
पीडब्ल्यूडी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर आनंद राणो ने बताया रिवाइज्ड डीपीआर बनाने का काम शुरू कर दिया है जो इसी महीने के अंत तक पूरा हो जाएगा। अभी फोरलेन सड़क 15 मीटर (7.5-7.5 मीटर दोनों ओर) चौड़ी है। बीच में करीब दो मीटर जगह डिवाइडर के लिए है। एक लेन 3.75 मीटर होती है, इस मान से सिक्सलेन करने के लिए रोड 7.5 मीटर और चौड़ी करना होगी।
विभागीय सूत्रों ने बताया व्यास सेतु से एरोड्रम की ओर चार किलोमीटर हिस्सा विभाग के पास है। इसे और चौड़ा करने से पहले निर्माण हटाना पड़ेंगे क्योंकि सड़क निर्माण के लिए कुछ ही जगह जमीन उपलब्ध है। सेतु से बड़ा गणपति चौराहा तक का हिस्सा निगम का है।