इंदौर. सीपी शेखरनगर झोपड़पट्टी में हजारों के बिजली बिल देने और बिजली चोरी के केस बनाने से नाराज लोगों ने रविवार सुबह पंढरीनाथ थाने पर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने बिजली अफसरों को बुलाकर लताड़ा तो उन्होंने परीक्षण करने का आश्वासन दिया। तब लोग शांत हुए।
सुबह करीब 11 बजे सीपी शेखरनगर के लोग पंढरीनाथ थाने पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। इस पर थाने का अमला भी जागा और भारी बल तैनात कर दिया गया। कुछ देर में भाजपा नेता रमेश मेंदोला पहुंचे और लोगों की मांग को जायज ठहराया। उन्होंने एक्जीक्यूटिव इंजीनियर व अन्य को बुलाकर फटकारा।
उनका कहना था शेखरनगर में कचरा बीनने वाले और कबाड़े का काम करने वाले रहते हैं। उन्होंने एकबत्ती कनेक्शन के बदले पैसे जमा कर कनेक्शन कराए, तो 10 से 40 हजार रुपए तक के बिल थमा दिए। लोग नहीं भर पाए तो बिजलीकर्मियों ने मीटर निकालकर विद्युत अधिनियम 2003 के केस बनाए और कोर्ट में इस्तगासा पेश कर दिया। उनमें अनेक वृद्ध महिलाएं भी आरोपी हैं।
कोर्ट ने करीब 50 लोगों के नाम वारंट जारी किए जिनमें से शनिवार रात एक को गिरफ्तार किया, तो लोगों ने विरोध किया। रविवार सुबह पुलिस शेष लोगों को गिरफ्तार करने पहुंची तो लोग भड़क गए।
बिलों के परीक्षण कराएंगे
मौके पर पहुंचे एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ने कहा बिल परीक्षण के साथ ही मामले लोक अदालत रखे जाएंगे। उसमें एकमुश्त राशि देने पर राशि कम हो जाएगी।