जयपुर. टीम इंडिया के पूर्व कोच ग्रेग चैपल ने सुभांशु विजय को अनफिट बताकर भले ही रणजी वनडे के संभावितों से बाहर कर दिया हो, लेकिन इस खिलाड़ी ने रविवार को यहां एक मैच में शतक (110) ठोककर अपनी फिटनेस साबित कर दी। सुभांशु के इस शतक ने चैपल के साथ आरसीए के चयनकर्ताओं के फैसलों पर भी प्रश्न चिह्न् लगा दिया है।
सुभांशु के शतक की बदौलत मेजबान राजस्थान कोल्ट्स ने ब्रिटिश रॉयल एअरफोर्स टीम को प्रदर्शन मैच में 88 रन से हरा दिया। एसएमएस स्टेडियम पर पहले बल्लेबाजी करते हुए कोल्ट्स की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में सात विकेट पर 250 रन बनाए। जवाब में एअरफोर्स की टीम आठ विकेट पर 162 रन ही बना सकी। ब्रिग्रेडियर भवानी सिंह व ग्रेग चैपल समापन समारोह के मुख्य अतिथि थे।
संक्षिप्त स्कोर : राजस्थान कोल्ट्स - (सुभांशु विजय 110, मनीष 41, सुमित खत्री 30, जाइल्स 3/52), ब्रिटिश रॉयल एअरफोर्स (रॉक 34, कूपर 28, विलियम्स 28, झा 3/23).