News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रविवार की सुबह पुलिस ने चार पहिया वाहनों की विण्डो से ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस कार्रवाई में 260 वाहनों की विण्डो से ब्लैक फिल्म हटाई गई। इस दौरान कई चौराहों पर पुलिस और रसूखदार लोगों के बीच नोक-झोंक भी हुई।
उल्लेखनीय है कि शनिवार की दोपहर आईजी डीएस सेंगर ने बैठक लेकर मातहतों को निर्देश दिए थे कि वे शहर में उन चार पहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करें जिनकी विण्डो पर ब्लैक फिल्म लगी है। इस निर्देश के बाद रविवार की सुबह पुलिस सड़कों पर आ गई। शहर के प्रत्येक चौराहे पर चेकिंग प्वाइंट्स लगाए गए। पुलिसकर्मियों ने किसी भी ऐसी गाड़ी को नहीं निकलने दिया जिसकी विण्डो पर ब्लैक फिल्म लगी थी।
एडीशनल एसपी अतुल सिंह के मुताबिक पूरे दिन चली कार्रवाई में जिले भर में 260 चार पहिया वाहनों की ब्लैक फिल्म हटाकर उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई भी की गई।
कई बार हुई नोक-झोंक : ब्लैक फिल्म हटाने के लिए पुलिस कार्रवाई की जद में कुछ राजनीति दलों के नेता भी आए। पुरानी छावनी थानाक्षेत्र स्थित एबी रोड, बहोड़ापुर थानाक्षेत्र में मानसिक आरोग्यशाला तथा पड़ाव थानाक्षेत्र में फूलबाग चौराहे पर पुलिस अफसरों और खुद को राजनीतिक दल का नेता बता रहे लोगों से नोक-झोंक हुई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि ब्लैक फिल्म तो निकलेगी ही क्योंकि यह लगाना कानूनन गलत है।
अधिकारियों की गाड़ियों से नहीं उतरी ब्लैक फिल्म : शहर में जहां दिन भर चार पहिया वाहनों की विण्डो से ब्लैक फिल्म हटाने की कार्रवाई दिनभर चलती रही वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ब्लैक फिल्म लगी गाड़ियां धड़ल्ले दौड़ती रहीं। कई स्थानों पर लोगों ने पुलिसकर्मियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
आईजी ने की मॉनीटरिंग : चार पहिया वाहनों से ब्लैक फिल्म उतारने के अभियान पर आईजी डीएस सेंगर ने स्वयं मॉनीटरिंग की। उन्होंने शाम को सभी सीएसपी से इस अभियान की जानकारी मांगी और विक्की फैक्ट्री चेकिंग प्वाइंट को देखने के लिए खुद पहुंच गए।