News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. बसंत पंचमी पर शहर के अलग-अलग स्थानों पर विभिन्न समाजों व समितियों द्वारा सामूहिक विवाह 11 फरवरी को आयोजित किए गए जाएंगे। सबसे बड़ा समारोह कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउण्ड पर होगा।
अचलेश्वर मंदिर न्यास के तत्वावधान में एसएएफ ग्राउण्ड में आयोजित सर्वजातीय सामूहिक विवाह समारोह के लिए रविवार तक 825 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। समारोह का शुभारंभ प्रात: आठ बजे दूल्हों के सामूहिक टीका कार्यक्रम से होगा। न्यास के कार्यकारी न्यासी हरिबाबू शिवहरे, अध्यक्ष बसंत शर्मा व सचिव राजीव चड्ढा ने बताया कि सायं 4 बजे वर-वधू को आशीर्वाद प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आमंत्रित किया गया है।
अग्रवाल समाज मुरार द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन शहीद नरेंद्र सिंह राणा द्वार नदी रपट मुरार स्थित शिव वाटिका में बनाए गए अग्रोहा धाम में किया गया है। राठौर समाज के तत्वावधान में सामूहिक विवाह समारोह जती का बाग बिरलानगर रेलवे स्टेशन के पास आयोजित किया गया है। मीडिया प्रभारी देवेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। समारोह के पूर्व बारात निकलेगी।
महामानव सेवा कल्याण समिति के तत्वावधान में केन्द्रीय तारघर जयेन्द्रगंज में विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह सूर्यवंशी के अनुसार, मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा होंगे। महाराष्ट्र क्षत्रिय हितचिंतक सभा की समाज कल्याण समिति द्वारा दोपहर 12 बजे सामूहिक विवाह सम्मेलन मराठा बोर्डिग परिसर में आयोजित किया जाएगा। बारात गिर्राज मंदिर हाईकोर्ट के पास स्थित हनुमान मंदिर से निकाली जाएगी।
संभागीय जाटव समाज सुधार समिति का 14वां सर्व जातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन सुरेश नगर थाटीपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में ग्वालियर सांसद यशोधराराजे सिंधिया, गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, महापौर विवेक शेजवलकर होंगे।
कौस्तुभ महिला समाज कल्याण समिति द्वारा दस जोड़ों का विवाह शब्द प्रताप आश्रम के पास विनय नगर सेक्टर-दो के पार्क में होगा। समिति के मोहन बिटवेकर के अनुसार सुबह नौ बजे मानसिक आरोग्यशाला तिराहे से बारात निकाली जाएगी।
नगर निगम ग्वालियर द्वारा फूलबाग स्थित म्यूजियम में 85 कन्याओं के विवाह कराए जाएंगे। बाल्मीक समाज अधिकार पंचायत के पदाधिकारी अशोक बाल्मीक के अनुसार मुरार स्थित रामलीला मैदान में विवाह समारोह होगा।
एक्टिव जाटव महासभा कल्याण परिषद का सामूहिक विवाह समारोह फूलबाग में होगा। यहां पर 85 जोड़ों की शादियां होंगी। बाल्मीक समाज प्रगतिशील मंच का चौथा सामूहिक विवाह समारोह गोपाल मंदिर फूलबाग पर आयोजित किया गया है।
नारायण वृद्धाश्रम एबी रोड में पहली बार सामूहिक विवाह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह का शुभारंभ 14 फरवरी को सुबह 9 बजे से गिर्राज प्रतिमा के अभिषेक के साथ शुरू होगा।