News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
शहरवासियों से धीरे-धीरे हवाई सुविधाएं छिनने लगी हैं। पहले एयर इंडिया ने 15 फरवरी से ग्वालियर-भोपाल सेवा बंद करने का निर्णय लिया। अब एयर डेक्कन ने एक अप्रैल से ग्वालियर-इंदौर सेवा को हमेशा के लिए बंद कर देने का निर्णय लिया है।
कुछ सालों पहले नई दिल्ली-ग्वालियर-इंदौर व इंदौर-ग्वालियर-नई दिल्ली के लिए शुरू की गई एयर डेक्कन की विमान सेवा सफलतापूर्वक चल रही थी। विमान को ग्वालियर से इंदौर औसतन प्रतिदिन 25 यात्री मिल रहे थे। इस साल नई दिल्ली में कोहरा छाने के कारण डेक्कन प्रबंधन ने इंदौर-ग्वालियर-नई दिल्ली सेवा को बंद कर दिया।
सिर्फ मंगलवार को ही ग्वालियरवासी इंदौर व नई दिल्ली से सीधे जुड़ पा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को छोड़ शेष दिन एयर डेक्कन की हवाई सेवा नई दिल्ली से शाम 5.55 बजे उड़ान भर कर यहां 6.55 बजे आती है। 7.10 बजे इंदौर के लिए उड़ती है। उधर से विमान सीधे दिल्ली के लिए निकल रहा है। मंगलवार को जरूर नई दिल्ली- ग्वालियर-इंदौर, इंदौर-ग्वालियर- नई दिल्ली के बीच विमान सेवा चल रही है।
सूत्र बताते हैं कि डेक्कन एक अप्रैल से सिर्फ नई दिल्ली-ग्वालियर,ग्वालियर-नई दिल्ली के बीच ही अपनी सेवाएं देगा। ग्वालियर-इंदौर, इंदौर-ग्वालियर सेवा को बंद कर दिया जाएगा। नए शेड्यूल के मुताबिक नई दिल्ली से विमान दोपहर 3.30 बजे उड़कर 4.30 बजे यहां आएगा। यहां से 4.45 बजे विमान नई दिल्ली के लिए उड़ेगा और वहां 5.40 बजे पहुंचेगा।
सिंधिया को ज्ञापन सौंपा
ग्वालियर। ग्वालियर से इंदौर की विमान सेवा को बंद करने की खबर के बाद ग्वालियर विकास समिति ने सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को ज्ञापन सौंपा। समिति से महासचिव मनमोहन घायल ने बताया कि पदाधिकारियों ने सांसद श्री सिंधिया से मांग की है कि यह सेवा बंद नहीं की जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में डा.एएस भल्ला, डा.दीपेन्द्र टमोटिया आदि शामिल हैं।