अजमेर. जिले में शनिवार को गुजरी इस मौसम की सबसे सर्द रात का असर रविवार को भी रहा। फरवरी महीने में लंबे अरसे के बाद तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिरा है। दिन में धूप खिली रहने से लोगों को शीतलहर से मामूली राहत मिली।3 जनवरी की रात को पड़ी कड़ाके की ठंड का रिकॉर्ड भी शनिवार की रात में टूट गया।
इस दिन के 5.8 डिग्री सेल्सियस तापमान की तुलना में शनिवार की रात तापमान गिर कर 5.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। कड़ाके की ठंड और वातावरण में गलन से लोग ठिठुरते रहे। शीतलहर का दौर रविवार सुबह तक बरकरार रहा। सुबह 11 बजे बाद धूप में तेजी आने से शीतलहर के कहर में मामूली राहत मिली। शाम होते ही ठंड फिर गहराने लगी।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री से बढ़ कर 19.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह हवा में नमी 46 और शाम को यह घट कर 9 प्रतिशत रही।