HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

गूंज उठी शहनाइयां

अजमेर. श्रीलंका के उत्तर-पूर्वी प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री और भारत में निर्वासित जीवन बिता रहे राजनेता वरदराजा पेरूमल की बिटिया कनक और अजमेर के प्रमुख ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के पुत्र मनोज का विवाह समारोह रविवार को सिंहली परंपराओं और हिंदू रीति रिवाजों का गवाह बना। पेरूमल और उनके परिवार वालों ने बारातियों का सिंहली परंपरा से स्वागत सत्कार किया तो वर पक्ष ने हिंदू रीति रिवाज के साथ सात फेरों की रस्म अदा करवाई।

धूम-धाम से आई बारात का पेरूमल और उनके परिवार वालों ने सिंहली परंपरा के मुताबिक चंदन-रोली का तिलक लगाया और मिश्री खिलाकर स्वागत किया। बारात भारतीय परंपरा के मुताबिक ही समारोह स्थल पहुंची। दूल्हा बने मनोज का पेरूमल की पत्नी और अन्य महिलाओं ने उसी तरह स्वागत किया जिस तरह आम बारातों का होता है। पेरूमल ने भी बारातियों की आवभगत में कोई कमी नहीं छोड़ी।

लिट्टे की हिट लिस्ट में होने के कारण वरदराजा पेरूमल और उनके परिवार की हिफाजत के कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। बारातियों को डोर मेटल डिटेक्टर और हैंड मेटल डिटेक्टर की सुरक्षा से गुजरना पड़ा। देर रात हिंदू रीति रिवाज से मनोज और कनक ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए। वर-वधू पक्ष ने दोनों को आशीर्वाद दिया। फेरों के बाद भावुक पलों के बीच पेरूमल ने बिटिया को विदाई दी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: