विदिशा. गल्ला मंडी परिसर में जहरीला पदार्थ खाने से छह गाय और एक बैल की मौत हो गई। इस घटना के विरोध में बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंडी में जमकर हंगामा मचाया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। रविवार की सुबह गल्ला मंडी और अरिहंत विहार कालोनी में मृत पड़ी गायों की जानकारी बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं को लगी थी तो वे बड़ी संख्या में वहां एकत्रित हो गए। इन कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी करना शुरू कर दिया, जिससे मंडी परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
जानकारी मिलने पर सीएसपी सुरेंद्र कुमार जैन, प्रभारी एसडीएम किशोरबल्लभ दास, कोतवाली टीआई विनोद शर्मा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने विरोध करने वाले कार्यकर्ताओं को शांत करने का प्रयास किया। जहरीला पदार्थ खाने से तड़प रहीं करीब आधा दर्जन गायों का तत्काल इलाज शुरू करवाने पशु चिकित्सकों को वहां बुलवाया गया, जिससे करीब आठ गाय मौत के मुंह में जाने से बच गईं, लेकिन रात में छह गाय और एक बैल को इलाज न मिल पाने से उनकी मौत हो गई थी।
इतनी बड़ी संख्या में गायों की मौत होने से बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता भड़क गए। इन कार्यकर्ताओं ने पुलिस के सामने एक युवक की जमकर पिटाई कर दी। युवक को बचाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करना पड़ी, तब कहीं जाकर कार्यकर्ताओं के चंगुल से युवक को बचाया जा सका।
घायल युवक को पुलिस ने तत्काल जीप से अस्पताल भेजा। बीच-बचाव के दौरान टीआई श्री शर्मा और बजरंग दल के उपाध्यक्ष के बीच झड़प हो गई। पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़कर जीप में बैठाया, जिससे कार्यकर्ता भड़क गए। वे पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान लोगों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की तथा मंडी कार्यालय में पथराव भी किया। टीआई द्वारा माफी मांगने के बाद ही कार्यकर्ता शांत हुए।
जहरीला पावडर खाने से हुई मौत
मसूर पालिश करने वाले जहरीला पावडर को कचरे के साथ मंडी परिसर में फेंक दिया गया था। इसी पावडर को खाने से एक दर्जन से अधिक गायें बीमार हो गई थीं, जिनमें से छह गाय और एक बैल की मौत हो गई थी। मंडी परिसर में पड़ा करीब दो ट्राली जहरीला पावडर उठावाया गया।
व्यापारी और ठेकेदार पर प्रकरण दर्ज
मंडी परिसर में जहरीला कचरा फेंकने के मामले में गल्ला व्यापारी सुनील साहू एवं सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाले मंडी ठेकेदार चरण सिंह मीणा के खिलाफ धारा 429 भादंवि का प्रकरण कायम किया गया है।