News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जिले में शिक्षाकर्मियों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए 1 करोड़ रुपए के आवेदन फार्मो का विक्रय करने की जानकारी मिली है। इसमें अकेले जिले के जनपद पंचायतों व जिला पंचायत से करीब 71 लाख के फार्म बेचे गए। आवेदन के लिए सामान्य वर्ग हेतु 400 रुपए तथा आरक्षित वर्ग के लिए 200 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
जिले में शिक्षाकर्मी वर्ग-1 के 78, वर्ग-2 के लिए 83 तथा वर्ग -3 के लिए 2025 पद रिक्त हैं। इन पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित करने का जिम्मा व्यवसायिक परीक्षा मंडल को दिया गया है। बताया जाता है कि व्यापमं द्वारा जारी चयन व प्रतीक्षा सूची के आधार पर ही बाद में रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, इसलिए आवेदकों की तादाद बढ़ गई है।
जिले में शिक्षाकर्मी के पद हेतु आवेदन फार्म जनपद पंचायतों, जिला पंचायत के अतिरिक्त पीजीबीटी कालेज, आर्ट्स कालेज, गल्र्स कालेज एवं मुख्य डाकघर व कोनी स्थित उप डाकघर के जरिए उपलब्ध कराए गए। इनमें से अकेले जिला एवं जनपद पंचायतों से 71 लाख के 21650 आवेदन पत्रों का विक्रय किया गया। अन्य विक्रय केंद्रों से करीब 14 हजार फार्मो का विक्रय होने की सूचना मिली है। इस प्रकार जिले में करीब 1 करोड़ रुपए के 35 हजार आवेदन फार्मो का विक्रय होने की सूचना मिली है। आवेदन फार्म का विक्रय जिले में 15 जनवरी से 7 फरवरी तक किया गया। इस बीच कई बार फार्म समाप्त हो जाने तथा इसके लिए लंबी कतारें लगने की नौबत आई।