News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी खेल मैदान में आज क्रिकेट स्पर्धा का फाइनल मैच रिवेंज व नेपोलियन इलेवन के बीच खेला गया। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के पुत्र अमित जोगी के स्पर्धा के समापन समारोह में पहुंचने की जानकारी मिलने पर मैदान में काफी भीड़ जुट गई थी। कांग्रेस समर्थकों के अलावा आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में यहां इकट्ठे हुए। मुख्यअतिथि के देर से आने की जानकारी मिलने पर आयोजकों ने मैच शुरू करा दिया, लेकिन अभी मैच खत्म नहीं हुआ था कि पूर्व बीडीए अध्यक्ष अनिल टाह सहित श्री जोगी मैदान के करीब पहुंच गए।
यूनिवर्सिटी के प्रवेश द्वार पर सर्मथकों ने उनका काफिला रोक लिया और अजीत जोगी, अमित जोगी जिंदाबाद का नारा लगाने लगे। समर्थकों की भीड़ देखकर श्री जोगी खुद कार से उतर आए और उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया गया। वे पैदल मंच तक पहुंचे और उनके आगे-पीछे युवाओं की भीड़ भी मंच तक पहुंची। काफी देर तक आतिशबाजी की गई और डीजे की धून पर लोग स्वागत करने के लिए टूट पड़े। इसी बीच कुछ देर के लिए मैच रोक दिया गया।
समर्थकों के शांत होने के बाद मैच फिर से शुरू कराया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नेपोलियन इलेवन ने नौ विकेट पर 90 रन बनाए थे और रिवेंज को 91 रनों का लक्ष्य दिया था। लक्ष्य पूरा करने उतरी रिवेंज इलेवन की टीम के बल्लेबाज पांच विकेट के नुकसान पर 61 रन बना चुके थे। 12 वें ओवर की पांचवीं गेंद ने मैच का रुख ही बदल दिया। पहले दो गेंदों में दो छक्के लगा चुके बल्लेबाज ने एक बार फिर छक्का लगाने का प्रयास किया और बाउंड्री के पास लपक लिए गए।
अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दिया, लेकिन बल्लेबाज सहित रिवेंज इलेवन की टीम इसके लिए तैयार नहीं थी। विवाद शुरू हो गया। इसके बाद आयोजकों ने खिलाड़ियों को मनाने का प्रयास किया, लेकिन उनका प्रयास भी बेकार गया। इसी बीच विवाद गहराते देखकर श्री जोगी अपने काफिले के साथ अन्य कार्यक्रम में शामिल होने शहर लौट आए। इधर आयोजन समिति ने रिवेंज इलेवन को बल्लेबाजों को मैदान में उतराने के लिए कुछ समय दिया, लेकिन मैदान में उनकी उपस्थिति नहीं होने पर नेपोलियन इलेवन को स्पर्धा का विजेता घोषित कर दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता रज्जू अग्रवाल, पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेयी, कांग्रेस नेता रमेश कौशिक, युवा कांग्रेस नेता जयंत मनहर, रामचंद्र मिश्रा, बिसन कसेर, महेश साहू, मालती देवी, राजू पांडेय, रमेश चंद्र मिश्रा, प्रवीण कसेर, अमित मिश्रा, संजू मिश्रा, राजा मिश्रा, विशाल गुप्ता, सुशील गौतम, शाहिद खान, मनोज गढ़ेवाल, सागर सिंह राजपूत, बाबी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
.. जब छोड़ना पड़ा मंच
श्री जोगी को उस समय मंच छोड़ना पड़ा, जब मंच के सामने युवाओं का समूह इकट्ठा हो गया, जिससे उन्हें मैच दिखाई नहीं पड़ रहा था। उन्होंने अपनी कुर्सी बाउंड्री के पास लगवा ली और महज एक ओवर मैच देखने के बाद बगैर भाषण व खिलाड़ियों को पुरस्कार दिए चल दिए। इससे खिलाड़ियों व उन्हें सुनने पहुंचे लोगों को निराशा हुई।