HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

अंबिकापुर से जबलपुर के बीच दौड़ेगी एक्सप्रेस

बिलासपुर. फरवरी माह में ही रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव रेल बजट की घोषणा करेंगे। इस बजट के लिए जोन से प्रस्ताव पिछले माह ही रवाना किया जा चुका है। उच्चस्तरीय सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार जोन को इस बजट में क्या-क्या मिलना है, यह तय हो गया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को मिलने वाली ट्रेनों को लेकर भी कुछ कयास लगाए जा रहे हैं। अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक अंबिकापुर से जबलपुर के बीच एक एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा होना तकरीबन तय माना जा रहा है।

यह नियमित ट्रेन रहेगी। अंबिकापुर से जबलपुर के लिए अभी तक कोई सीधी ट्रेन नहीं है, वहीं इस क्षेत्र से जबलपुर जाने के लिए इकलौती अमरकंटक एक्सप्रेस है, जो दुर्ग से भोपाल के बीच चलती है। इसके चलते इस ट्रेन में इतनी भीड़ रहती है कि पूरे साल में कभी भी जगह मिल पाना संभव नहीं होता है। इसको देखते हुए ही यह ट्रेन चालू की जा रही है।

इसके अलावा बिलासपुर से पुणो के बीच नई ट्रेन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। जोन के अधिकारियों ने इस मार्ग पर एक स्पेशल ट्रेन चलाने का प्रयास भी किया था, लेकिन सेंट्रल रेलवे से सहमति न मिल पाने के कारण मामला जम नहीं पाया था। इसके लिए एक बार फिर रेल बजट में भेजे गए प्रस्ताव पर सहमति मिलने की पूरी संभावना है। इसके चालू हो जाने पर आजाद हिंद के अलावा बिलासपुर-पुणो के बीच यह नियमित ट्रेन हो जाएगी। दुर्ग-जयपुर व बिलासपुर-हैदाराबाद स्पेशल को भी नियमित करने का प्रस्ताव बजट में भेजा गया है।

इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। किसी परिस्थिति में अगर इन दोनों ट्रेनों की बजट में घोषणा नहीं होती है, तब भी इन ट्रेनों बतौर स्पेशल चलाया जाता रहेगा। बिलासपुर स्टेशन में 7 व 8 नंबर प्लेटफार्म का काम तकरीबन पूरा हो चुका है। इसके चलते रायपुर-नागपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस भी बिलासपुर तक बढ़ने की संभावना है। कोरबा-यशंवतपुर व दुर्ग-निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के फेरा बढ़ने की भी संभावना है।

पिछले बजट में यह घोषणा नहीं हो पाई थी। इसके अलावा गोंडवाना एक्सप्रेस को रायगढ़ से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को कोराबा से चलाए जाने की घोषणा हो सकती है। बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस को कन्याकुमारी तक चलाए जाने का इंतजार भी इस रेल बजट में पूरा हो सकता है। इसके अलावा कुछ पैसेंजर ट्रेनों के घोषणा भी संभावित है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: