HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

धूप निकली 10 दिन बाद

रायपुर. शनिवार को रात तक घने बादलों से घिरे शहर की अगली सुबह इतनी खुशगवार होगी, यह किसी ने सोचा भी नहीं था। रविवार को सुबह लोग जैसे ही बाहर निकले, चमकदार धूप ने रोमांच बढ़ा दिया। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि हवा की दिशा बदलने से बादल गायब हुए और आसमान साफ हुआ। लालपुर मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक एमएल साहू ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान तापमान 13 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं।

मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि मध्यप्रदेश से विदर्भ तक ऊपरी हवा में बनी द्रोणिका खत्म हो गई। हवा की दिशा दक्षिण से बदलकर उत्तर-पश्चिमी हो गई। इस वजह से मौसम बदला। राजधानी समेत राज्य में मौसम के बदलाव का सिलसिला जनवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हुआ था। एक-दो दिन के सुधार के बाद फरवरी में आसमान फिर मेघमय हो गया। बारिश और बादल से वातावरण ठंडा हो गया। दिन का तापमान गिरा, वहीं रात के तापमान में वृद्धि हुई।

आसमान साफ होने से यह स्थिति बदल जाएगी। राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह शनिवार की तुलना में छह डिग्री कम है। यह गिरावट एक दिन में आई।

दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। तापमान 25.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से पांच डिग्री कम है। शहर में सुबह की शुरुआत धूप के साथ हुई। आसमान पूरी तरह साफ था, इसलिए सूर्यास्त तक धूप रही। हालांकि उत्तरी हवा कड़ी धूप में भी सिहरन पैदा करती रही। छुट्टी की वजह से लोगों ने आज दिनभर गुनगुनी धूप का मजा लिया। दोपहर 3 बजे के आसपास वातावरण गर्म हुआ। खुशनुमा मौसम की वजह से गार्डन में भीड़ अधिक रही। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य के उत्तरी हिस्से में आंशिक शीत लहर की स्थिति है। बिलासपुर संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे चला गया है। प्रदेश का सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फरवरी के दूसरे सप्ताह में ठंड की विदाई होती है। आने वाले दिनों में आसमान साफ रहने के आसार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: