मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे और समाजवादी पार्टी के नेता अबू असीम आजमी के खिलाफ पुलिस ने समाज में वैमनस्यता फैलाने के आरोप में मामले दर्ज किए हैं।
डीसीपी (जोन सेवन) डी कराले ने बताया कि राज के खिलाफ यह मामला रविवार की रात उपनगर विखरोली के पुलिस थाने में दर्ज किया गया। इसी तरह शिवाजी पार्क पुलिस थाने में आजमी के विरुद्घ भी प्रकरण दर्ज किया गया है। आजमी ने 3 फरवरी को शिवाजी पार्क में आयोजित सपा की रैली में कथित तौर पर भड़काऊ भाषण दिया था।
इन दोनों के खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 153, 153ए और 153 बी के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। जेसीपी (विधि एवं व्यवस्था) केएल प्रसाद के मुताबिक राज और आजमी के खिलाफ दर्ज मामलों में गिरफ्तारियां अनिवार्य हैं। हालांकि उन्होंने इसका खुलासा नहीं किया कि ये गिरफ्तारियां कब होंगी। इस बीच, आजमी ने कहा है कि वे अग्रिम जमानत लेंगे।
गौरतलब है कि राज द्वारा उत्तर भारतीयों के खिलाफ बयानबाजी के बाद 3 फरवरी को हिंसा भड़क गई थी। उन्होंने फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन पर भी महाराष्ट्र से ज्यादा उत्तरप्रदेश में रुचि लेने का आरोप लगाया था।
इसके बाद एमएनएस के कथित कार्यकर्ताओं ने उत्तर भारतीय टैक्सी ड्राइवरों, दुकानदारों आदि को निशाना बनाना शुरू कर दिया था।
गैर-मराठी भाषाओं के बोर्ड हटाए: करीब 200 शिव सैनिकों ने सोमवार को धार्मिक स्थल शिरडी में होटलों और स्टोरों में तमिल व तेलुगु में लिखे बोर्ड हटा दिए। इस मामले में 40 शिव सैनिकों को गिरफ्तार किया गया है।
* ‘शिवसेना के कार्यकारी अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और एमएनएस प्रमुख राज ठाकरे के गैर-मराठी लोगों के खिलाफ बयान महाराष्ट्र की संस्कृति से मेल नहीं खाते’। -लालू प्रसाद, रेल मंत्री एवं राजद नेता
संबंधित खबरें
* राज चाहते हैं मराठी की खैर, हिंदी से बैर
* एजी ने दी रिपोर्ट, पुणे में गिरफ्तारी संभव
* 'दम है तो राज को पकड़कर दिखाओ'
* कैसे हो राज की गिरफ्तारी? विचार सुरू आहे..