News
International International काबुल/इस्लामाबाद. पाकिस्तान के राजदूत तारिक अजीजुद्दीन का तालिबान आतंकियों ने अपहरण किया है और उनकी रिहाई के बदले में तालिबान ने अपने नेता मुल्ला मंसूर दादुल्ला की रिहाई की मांग की है।
अफगानिस्तान में पदस्थ पाकिस्तान के राजदूत तारिक अजीजुद्दीन सोमवार को अफगानिस्तान जाते वक्त लापता हो गए थे जिसके बारे में माना जा रहा था कि उनका अपहरण किया गया है। तालिबान ने अजीजुद्दीन के अपहरण का दावा किया है। तालिबान ने सोमवार को बलूचिस्तान से गिरफ्तार किए गए आतंकी नेता मुल्ला मंसूर दादुल्ला को छोड़ने की मांग की है।
पेशावर से काबुल जा रहे अजीजुद्दीन पाक-अफगान सीमा के पास से ही गुमशुदा थे। पाक अफसरों ने आशंका जताई थी कि शायद उन्हें अगवा किया गया हो। अजीजुद्दीन को आखिरी बार अली मस्जिद क्षेत्र में देखा गया था।
पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा था कि अजीजुद्दीन की तलाश के क्षेत्रीय नेताओं से संपर्क किया गया है और सुराग पाने की कोशिश की जा रही है। दूसरी तरफ सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक सोमवार सुबह 11 बजे के करीब जमरूद के इलाके से अजीजुद्दीन, उनके अंगरक्षक और ड्राइवर का अपहरण किया गया है।
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते इसी इलाके से रेड क्रॉस की अंतरराष्ट्रीय समिति के दो पाक कर्मचारियों का भी अपहरण कर लिया गया था।