इंदौर. रणजीत हनुमान के भक्तों को रह-रहकर लक्ष्मणसिंह गौड़ की याद आ रही है। इस मंदिर का जीर्णोद्धार व विकास उनका ड्रीम प्रोजेक्ट था जिसके लिए उन्होंने जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई और लगभग साढ़े तीन करोड़ का बजट भी बनाया। इससे बगीचा बनना था।
शहर के प्रमुख मंदिरों में से एक रणजीत हनुमान की जमीन पर अतिक्रमण बढ़ गया तो श्री गौड़ ने काफी प्रयास कर उन्हें हटवाया और विकास का प्रोजेक्ट शासन को भेजा। फिर कब्जे न हों इसलिए दीवार निर्माण के लिए 10 लाख रुपए मंजूर हो चुके हैं। नियमित दर्शनार्थी राजेंद्र सोलंकी बोले उनके निधन के बाद हमें चिंता सता रही है कि कहीं फिर कब्जे न हो जाएं।
विश्रामबाग में उपवन
स्व. गौड़ ने पास ही विश्रामबाग में भव्य उपवन बनाने की योजना भी संजोई थी। इसका मकसद था पश्चिम क्षेत्र को एक बड़ा बगीचा देना और जमीन को अतिक्रमण से बचाना। इसके लिए भी चार करोड़ रुपए का बजट शासन को भेजा था। उपवन में ही तरणताल भी प्रस्तावित था। दशहरा मैदान की बाउंड्रीवॉल की मांग उन्होंने कोटिचंडी महायज्ञ में आए मुख्यमंत्री से की। शहर की किसी पहाड़ी पर ज्वालामाता मंदिर भी वे बनाना चाहते थे।
श्रद्धांजलि सभाएं
लक्ष्मणसिंह गौड़ के असामयिक निधन पर अलग-अलग श्रद्धांजलि सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को वैष्णव सहायक कपड़ा मार्केट कमेटी इसका आयोजन करेगी जबकि शुक्रवार को भाजपा ने इसका आयोजन किया है।
भाजपा नगराध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता ने बताया शुक्रवार को दोपहर 4 बजे वैष्णव स्टेडियम में सर्वधर्म व सर्वदलीय श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जा रही है। इसमें भाजपा के अलावा भी अन्य पार्टियों के नेता हिस्सा लेंगे। वैष्णव विद्यापीठ ट्रस्ट के डॉ. डी.पी. मिश्रा ने बताया ट्रस्ट के न्यासीगण तथा शिक्षण संस्थाओं के अधिकारी व शिक्षक गुरुवार शाम को आयोजित शोकसभा में हिस्सा लेंगे। यह शोकसभा वैष्णव हायर सेकंडरी स्कूल के सभागृह में शाम 5.30 बजे संपन्न होगी।