HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

आसमान छू सकती हैं जमीन की कीमतें

भोपाल. राजधानी के लगभग हर उस हिस्से में आगामी अप्रैल से जमीन व मकानों के दाम बढ़ सकते हैं, जहां केंद्र या राज्य सरकार की कोई बड़ी विकास योजना शुरू करने का प्रस्ताव है। खासतौर पर रायसेन तथा होशंगाबाद रोड, अरेरा कालोनी तथा गुलमोहर में कीमतें बढ़ने के अनुमान हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिला पंजीयन कार्यालय की जिला मूल्यांकन समिति ने भोपाल जिले के आवासीय और व्यावसायिक स्थलों में अचल संपत्ति के बाजार मूल्य के साथ उसके संभावित मूल्य के प्रस्ताव तैयार कर लिए हैं। जो महानिरीक्षक पंजीयन की केंद्रीय मूल्यांकन समिति के पास मंजूरी के लिए भेजे गए हैं।

कहां कितने बढ़ सकते हैं रेट

रायसेन रोड की जमीन के दाम 30 फीसदी तक बढ़ाने के प्रस्ताव हैं। फिलहाल यहां आवासीय एवं व्यावसायिक जमीन क्रमश: साढ़े सात हजार एवं दस हजार सात सौ रुपया प्रति वर्ग मीटर तक हैं। इस मार्ग के आसपास अनेक सरकारी योजनाओं पर काम चल रहा है। इसी जगह पर कई लोगों ने कृषि भूमि का उपयोग बदलवा कर शिक्षण संस्थानों सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू कर दी हैं। बीते दो साल से यहां जमीन की खरीद-फरोख्त का क्रम बढ़ा है।

मिसरोद-होशंगाबाद रोड से लगे क्षेत्रों में अचल संपत्ति की कीमत 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ाना प्रस्तावित है।

अरेरा कालोनी के भीतरी इलाकों में ऐसी संपत्ति का मूल्य 15 से 20 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव है। साथ ही गुलमोहर में 7 से 10 फीसदी के इजाफे की बात कही गई है।

प्रस्ताव कहता है कि हबीबगंज के आवासीय क्षेत्र में 10 से 15 फीसदी कीमत बढ़ाई जानी चाहिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: