भोपाल. जोरदार ठंड के बीच शहर के तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। शहर में मंगलवार के मुकाबले बुधवार को जहां दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, वहीं रात का पारा फिर लुढ़क गया।
बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम था। एक दिन पहले अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। ऐसे ही न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम था।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल राजधानी समेत पूरे प्रदेश में ठंड का दौर जारी रहेगा। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। उधर प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार की रात प्रदेश में सबसे कम तापमान रीवा और रायसेन में दो-दो डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।