भोपाल. योग गुरु भारत भूषण ने युवाओं से कहा कि वे वेलेंटाइन-डे के चक्कर में नहीं पडे। भारतीय संस्कृति में प्रेम का कोई एक दिन तय नहीं है। प्रेम वन-डे नहीं, बारहमासी होता है। वर्तमान में जो हो रहा है, उसमें वासना की झलक अधिक दिखाई दे रही है, प्रेम की नहीं। योग गुरु ने यह बातें बुधवार की सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में जागो भारत योग शिविर में कहीं। उन्होंने कहा कि युवा योग साधना की दिशा में कदम बढ़ाएं।
स्वस्थ रहने के टिप्स: योग गुरु ने योग करने वालों को विरेचन व योगासन कराने के साथ ही स्वस्थ रहने के टिप्स दिए। उन्होंने सूर्य नमस्कार के लाभ भी बताए। शिविर का शुभारंभ वाणिज्यिक कर मंत्री बाबूलाल गौर व महापौर सुनील सूद ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
भाजपा संगठन की पदाधिकारी श्रीमती कृष्णा गौर भी उपस्थित थीं। श्री गौर, श्री सूद व श्रीमती गौर ने भी योगासन किए। शाम के सत्र में वित्त मंत्री राघवजी समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी व महिलाओं ने भाग लिया। योगार्थियों ने योग गुरू से नियमित खानपान और दिनचर्या के संबंध में भी टिप्स लिए। प्रारंभ में संस्था के कार्याध्यक्ष मनोज प्रधान ने 17 फरवरी तक चलने वाले शिविर व्यवस्था संबंधी जानकारियां दी।
समय बदला श्री प्रधान ने बताया कि शिविर का समय अब सुबह सात से साढ़े आठ बजे तक और शाम साढ़े सार से छह बजे तक कर दिया गया है। शिविर का समापन 17 फरवरी को होगा।