Special
Valentines Day Valentines Day वैलेंटाइन डे विशेष.
70 वर्षीय दंपती वकील के पास तलाक के लिए पहुंचे। वकील हैरान था, क्योंकि उसके कैरियर में इस तरह का यह पहला केस था। कपल ने बताया कि पिछले 40 साल से वे महसूस कर रहे हैं कि उनके रिश्ते कुछ ठीक नहीं हैं, लेकिन वे यह फैसला लेने से डरते थे कि बच्चों पर इसका बुरा प्रभाव पड़ेगा। बच्चे अब बड़े हो गए हैं तथा अपनी गृहस्थी में व्यस्त हैं, लेकिन अभी भी हमारा रिश्ता कुछ ठीक नहीं चल रहा, इसलिए हम तलाक चाहते हैं। वकील बहुत ही परेशान था कि ४0 साल के वैवाहिक जीवन को जोड़ा कैसे जाए?
तलाक के कागजात पर साइन करते समय पत्नी ने पति से कहा कि ‘मैं तुम्हें अभी भी प्यार करती हूं’, लेकिन तुम्हारे साथ नहीं रह सकती। इसके लिए मुझे माफ कर देना। पति ने कहा ‘मैं तुम्हारी भावनाओं को समझ सकता हूं’। वकील ने महसूस किया कि इन दोनों के बीच अभी भी प्यार जिंदा है।
वकील ने कहा, क्यों न हम सब साथ डिनर करें। डिनर टेबल पर सब चुप बैठे थे। बैरे ने पहले रोस्टेड चिकन सर्व किया। पति ने पत्नी को चिकन सर्व करते हुए कहा ‘यह तुम्हारी फेवरेट डिश है’। वकील ने सोचा अब भी मौका है। इसी बीच पत्नी ने गुस्से में कहा ‘पिछले 40 सालों से तुम अपनी पसंद को मेरी पसंद कहते हो। तुमने यह कभी जानने की कोशिश नहीं की कि मेरी पसंद क्या है? मुझे रोस्टेड चिकन से नफरत है’। उस रात दोनों अलग-अलग घरों में सोए। दोनों को पूरी रात नींद नहीं आई।
पति ने पत्नी को यह कहने के लिए फोन किया कि वह उसके बिना नहीं रह सकता। मैं तुम्हें अब भी बहुत प्यार करता हूं। वह पूरी रात फोन करता रहा और पत्नी समझ रही थी कि उसका पति ही फोन कर रहा है। उसने फोन का तार अलग कर दिया। कुछ समय बाद उसे याद आया कि उसके पति को हार्ट प्रॉब्लम है। दूसरे दिन उसे खबर मिली कि उसकी मौत हो गई। वह दौड़ते हुए पति के पास पहुंची तो देखा कि फोन का रिसीवर हाथ में था और वह पलंग पर पड़ा था। उसके ड्रॉवर से कागजात मिले, जिसमें उसने अपनी पूरी जायदाद उसके नाम कर दी थी। पेपर पर एक नोट लिखा था कि जब तुम यह पढ़ रही होगी, मैं इस दुनिया से विदा ले चुका होऊंगा, लेकिन मैं हमेशा तुम्हारे साथ रहूंगा..‘आई लव यू’।
कारण चाहे जो भी हो ज्यादातर पुरुष अपने प्यार को शब्दों में बयां नहीं करते, जबकि प्यार में अभिव्यक्ति जरूरी है। हर पत्नी अपने पति से यह लफ्ज सुनना चाहती है। प्यार करते हैं तो प्यार का इजहार भी करें, क्योंकि यहां कल क्या हो किसने जाना? इन शब्दों को बयां करने के लिए उम्र नहीं देखी जाती, तो इस वेलेंटाइन पर अपने पार्टनर को उपहार के रूप में अपनी फीलिंग ही बताएं।
स्रोत- चिकनसूप पुस्तक
| |