News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. मंदिरहसौद थाना क्षेत्र के परसदा में मंगलवार की रात 8.30 बजे नंदराम नामक युवक ने अपने छोटे भाई नरसिंह (26) की राड मारकर हत्या कर दी और मोटरसाइकिल से थाने पहुंच गया। हत्या की वजह मामूली विवाद बताई गई है। पुलिस के अनुसार नंदराम मंदिरहसौद में रहता है। वह मोटरसाइकिल से अपनी पत्नी मीना के साथ मंगलवार दोपहर अपने पैतृक गांव परसदा में रहने वाले भाइयों से मिलने गया था। नरसिंह घर पर नहीं था, इसलिए नंदराम अपने एक रिश्तेदार वेदराम के यहां चला गया। वहां से खाना-खाने के बाद पत्नी के साथ वह रात 8.30 बजे भाई के घर पहुंचा।
इसी बीच नरसिंह की पत्नी सुखिया ने उसे खाना खाने का आग्रह किया। इस बात पर उनके बीच कहासुनी हो गई। नरसिंह पत्नी के साथ गाली-गलौज करने लगा। इस पर नंदराम ने आपत्ति की तो उससे मारपीट पर उतर आया और राड से हमला कर दिया। गुस्साए नंदराम ने उसी राड को छीनकर नरसिंह पर दो-तीन जोरदार प्रहार किए, जिससे उसका सिर फट गया। आसपास के लोग तमाशा देखते रहे, लेकिन कोई बीच-बचाव करने नहीं आया। खून से लथपथ नरसिंह को मौके पर ही छोड़कर आरोपी नंदराम अपनी मोटरसाइकिल उठाई और मंदिरहसौद आ गया। घर पहुंचकर अपने दोनों बेटों को घटना की जानकारी देने के बाद रात 11 बजे थाने में उसने आत्मसमर्पण कर दिया।
सूचना पर की सच्चई जांचने पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। नरसिंह दम तोड़ चुका था। शव पोस्टमार्टम के लिए डा. आंबेडकर अस्पताल की मरचुरी भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल राड को जब्त कर लिया। मृतक रोजी-मजदूरी करता था। उसकी सात साल पहले शादी हुई थी, लेकिन उसकी कोई औलाद नहीं थी। आरोपी भाइयों से अलग होकर दो-तीन साल पहले मंदिरहसौद आकर बस गया था। वह भी श्रमिक बताया गया है।