News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. डेढ़ साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रायपुर सिटी बस लिमिटेड (आरपीसीएल) ने राजधानी में सिटी बसों के परिचालन के लिए मुहूर्त निकाल लिया। सीईओ एमडी दीवान ने बताया कि 25 फरवरी से शहर में बसें चलेंगी। पहले दो प्रमुख रुट में 18 से 20 बसें चलेंगी।
आरपीसीएल के अध्यक्ष महापौर सुनील सोनी ने बुधवार को मुख्यमंत्री से इसके उद्घाटन के लिए समय लिया। वे आमानाका बस डिपो से 25 फरवरी को शाम 4 बजे हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें दो कंपनियों की बसें चलेंगी। लक्ष्मी सिटी बस प्राइवेट लिमिटेड और राजधानी बस सर्विसेस लिमिटेड ने 38 बसें खरीद ली हैं। इनमें से 18 से 20 बसें पहले चलेंगी। इसके लिए दो रुट तय किए गए हैं। पहला रुट स्टेशन, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कालोनी, रविवि, आमानाका होते हुए टाटीबंध है।
दूसरा रुट जेल रोड से शास्त्री चौक, जयस्तंभ, शारदा चौक, तात्यापारा, आजाद चौक, आश्रम , रविवि होते हुए टाटीबंद तय किया गया है। दोनों बसें इसी रुट पर वापस आएंगी। दोनों रुट पर बसें लगातार चलेंगी। शहर में सिटी बस के लिए तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। पहले दौर में 146 बस स्टाप बनाने का टार्गेट है। अभी तक 76 बस स्टाप बन गए हैं।
आमानाका बस डिपो में प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। टिकट वेंडिंग मशीन इस सप्ताह आने की संभावना है। गौरतलब है कि इंदौर की सिटी बस को माडल मानकर यहां इसे लागू किया जा रहा है। ये बसें लक्जरी और सुविधायुक्त होंगी। बच्चों और बुजुर्गो को इसमें चढ़ने में दिक्कत नहीं होगी।