HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

जेब में रखा कट्टा चला, युवक घायल

ग्वालियर. मंगलवार की आधी रात को नयागांव के एक क्रेशर पर गोली चल गई। गोली क्रेशर पर काम करने वाले युवक को लगी। गोली चलने के बारे में पहले तो यह बताया गया कि क्रेशर पर बदमाश आए थे उन्होंने गोली चलाई। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि कट्टा घायल युवक की जेब में था और दुर्घटनावश चल गया।

एसडीओ (पी) घाटीगांव रूपेश द्विवेदी के अनुसार, मंगलवार की रात को सूचना मिली थी कि नयागांव में स्थित मुन्ना सिंह यादव के क्रेशर पर कार्यरत एक युवक को गोली लग गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्रेशर के कर्मचारियों ने पुलिस को कहानी सुनाई कि क्रेशर पर तीन-चार बदमाश कट्टा लेकर आए थे और उन्होंने यहां कार्यरत रिंकू सेन निवासी मुरैना को गोली मार दी। पुलिस को इनकी कहानी पर संदेह हुआ और घटना की जांच की गई।

पुलिस ने घायल रिंकू सेन को अस्पताल भेजने के बाद उन लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जो घटना के समय क्रेशर पर मौजूद थे। अलग-अलग पूछताछ के दौरान पूरे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस के सामने जो मामला आया, उसके अनुसार क्रेशर पर तैनात कर्मचारी रात के समय अपनी सुरक्षा के लिए कट्टा रखते हैं। मंगलवार की रात को यह कट्टा रिंकू के पास रखा था। जेब में रखा कट्टा दुर्घटनावश चल पड़ा और गोली रिंकू के पुट्ठे में घुस गई। पुलिस ने मौके से एक कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। मामला दर्ज करने के लिए पुलिस रिंकू के होश में आने का इंतजार कर रही है। इसका बयान दर्ज होने के बाद ही पुलिस मामला दर्ज करेगी।

गुढ़ा में पथराव, दो घायल

माधौगंज थानाक्षेत्र के गुढ़ा गांव में टैरर टैक्स न देने पर एक व्यक्ति के घर पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। घटना बुधवार शाम की है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ पथराव और मारपीट का मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार, गुढ़ा ग्राम निवासी श्यामलाल कुशवाह से उसके पड़ोस में रहने वाले रामप्रीत गुर्जर ने छह दिन पहले दस हजार रुपए मारपीट कर छीन लिए थे। इस घटना की शिकायत श्यामलाल ने मंगलवार को पुलिस में की थी। बुधवार को पुलिस रामप्रीत के घर बयान लेने पहुंची तब उसे पता चला कि उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी गई है। इस बात से खफा रामप्रीत गुर्जर ने अपने दोस्तों कल्लू पंडित, अनिल और राजेश के साथ मिलकर श्यामलाल के घर पर हमला कर दिया। लाठी-डंडे लेकर आए हमलावरों ने लाठियों से तो श्यामलाल के परिजनों की पिटाई तो की ही, पथराव भी किया। इस पथराव में श्यामलाल तथा इनका एक रिश्तेदार घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही सीएसपी लश्कर अमित सक्सेना और टीआई माधौगंज आरसी घनघोरिया मौके पर पहुंच गए। पुलिस को मौके से कुछ डंडे भी मिले हैं जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।

चोरी के आरोपी पकड़े, चालीस हजार का माल बरामद

गोला का मंदिर पुलिस ने चोरी की वारदातें करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। जानकारी के अनुसार प्रधान आरक्षक भानुप्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि किशन जाटव निवासी रामनगर, मोनू रजक निवासी नदीपार टाल, मुरार और मदन यादव निवासी सीपरी बाजार झांसी इन दिनों क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने इन्हें पकड़कर पूछताछ की तो इन्होंने चोरी की वारदातें कुबूल कर लीं। पुलिस को इनके कब्जे से चालीस हजार रुपए का सामान मिला है। इन लोगों ने कुछ दिन पहले हनुमान नगर में एक दुकान के ताले तोड़कर बैटरियां पार कर दी थीं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: