News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. जिन जिलों में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हैं, वहां के शासकीय हाईस्कूल व इण्टर स्कूलों में अध्ययनरत छात्रों को संस्थान का भ्रमण कराया जाएगा। रोजगार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत इन छात्रों को रोजगार संबंधी जानकारी दी जाएगी।
आईटीआई से मिली जानकारी के अनुसार, इस कालेज में कक्षा 10 व 12 में उत्तीर्ण छात्र ही प्रवेश लेते हैं पर उनको संस्थान में चलने वाली गतिविधियों की जानकारी नहीं होती है। संचालनालय प्रशिक्षण ने अब उक्त दोनों कक्षाओं के छात्रों के लिए रोजगार आपके द्वार कार्यक्रम प्रारंभ कर आईटीआई में चल रहे विभिन्न ट्रेड कोर्सो से उन्हें अवगत कराने का निर्णय लिया है। इस पूरे कार्यक्रम की सफलता की जिम्मेदारी कलेक्टरों को सौंपी गई है।
बताया जाता है कि यह कार्यक्रम इसी माह पूरा होगा और इसके लिए सभी उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्यो से आईटीआई प्रबंधन संपर्क करेगा। प्रबंधन ही ऐसे छात्रों की सूची तैयार करेगा जो कि आईटीआई परीक्षा पूर्व में उत्तीर्ण कर चुके हैं और इस समय स्वयं का रोजगार कर रहे हैं। ऐसे पूर्व आईटीआई छात्र, हाईस्कूल व इण्टर के छात्रों को खुद के सफल व्यवसायी बनने पर प्रकाश डालेंगे। संचालनालय ने स्कूली छात्रों को जागरूक करने के लिए पैम्फलेट्स भी तैयार कराए हैं, इनका वितरण छात्रों के बीच किया जाएगा। बताया जाता है कि आईटीआई भ्रमण पर जाने वाले छात्रों को संस्था विकास समिति की राशि से स्वल्पाहार भी कराया जाएगा।
संचालक ने यह भी निर्देश दिया है कि छात्रों के भ्रमण के समय कुछ उद्योगपतियों को भी आईटीआई में आमंत्रित किया जाए ताकि वे भी छात्रों को रोजगार संबंधी जानकारी दे सकें। कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने जिला पंचायत सीईओ व जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया है कि वे स्कूलों व छात्रों की संख्या से आईटीआई के प्राचार्य को अवगत करा दें ताकि कार्यक्रम सफल हो सके व छात्रों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।