HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

गैस एजेंसियों पर बैठकर शिकायतें सुनेंगे अधिकारी

ग्वालियर. घरेलू गैस की कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य विभाग का अमला अब प्रतिदिन दो घंटे गैस एजेंसियों पर बैठेगा। इस दौरान उपभोक्ता अपनी शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे। विभाग के दल ने बुधवार को दो एजेंसियों सहित कई प्रतिष्ठानों की जांच की। खाद्य विभाग के दल ने हिमांशु गैस एजेंसी के गोदाम व राजा गैस एजेंसी के हॉकर्स (रेड़ा गाड़ी) की जांच की।

एजेंसी पर आठ दिन का जबकि रेड़े पर दो दिन का बैकलॉग पाया गया। एक अन्य जांच दल ने दूरभाष पर मिली सूचना के आधार पर उमरैया क्राकरी शिंदे की छावनी, सिटी सेंटर स्थित रेस्टारेंट व एक निर्माणाधीन बड़े भवन परिसर की जांच की। तीनों स्थानों पर घरेलू गैस सिलेण्डर मिले। जांच दल ने दो सिलेण्डर जब्त कर लिए हैं।

जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति शाह नरवरिया ने बताया कि होटल, हलवाई व रेस्टारेंट तथा वाहनों में यदि घरेलू गैस सिलेण्डरों का उपयोग होगा तो संस्थान या वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों से ग्राहकों को सप्लाई किए गए सिलेण्डरों की सूची कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अगले दिन सूची के अनुसार जांच भी करेंगे। इण्डेन गैस के विक्रय अधिकारी रमेश कुमार के अनुसार इण्डियन ऑयल कापरेरेशन द्वारा एजेंसियों को दो दिन में डिमाण्ड के अनुसार लोड उपलब्ध करा दिया जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: