अजमेर. आयकर महकमे ने बुधवार को किशनगढ़ में दो प्रमुख मार्बल व्यापारियों के प्रतिष्ठानों का सर्वे किया और 60 लाख की अघोषित आय पकड़ी। महकमे को हरमाड़ा और मकराना रोड पर दो मार्बल व्यवसायियों द्वारा कर की चोरी कर मार्बल खरीदने- बेचने और रिटर्न की तुलना में उनकी आय भी अधिक होने की जानकारी मिली थी।
आयकर आयुक्त पीडी मीणा ने सूचना की तफ्तीश कराने के बाद अपर आयकर आयुक्त सविता बुंदस के नेतृत्व में दल को दोनों व्यापारियों के गोदामों पर सर्वे के निर्देश दिए। दल ने दोनों व्यापारियों के आय और व्यय के दस्तावेजों के साथ गोदाम पर रखे मार्बल की दर का भी आकलन किया।
बुंदस के अनुसार देर रात तक चली कार्रवाई के बाद महकमे को व्यापारियों के यहां मार्बल का स्टॉक अधिक मिला, साथ ही कैश बुक में नकद भी घोषित से ज्यादा मिला है। दोनों व्यापारियों के यहां तीस-तीस लाख रुपये की अघोषित आय पकड़ी है, महकमे को सर्वे कार्रवाई 18 लाख से ज्यादा जुर्माना व टैक्स मिलेगा।