अजमेर. दरगाह पुलिस ने नई सड़क इलाके में बुधवार रात एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास सवा किलो गांजा मिला है। पकड़ा गया अभियुक्त कोलकाता का मूल निवासी है, लेकिन करीब तीन साल से दरगाह इलाके में ही झोपड़ी में रह रहा था।
पुलिस उससे अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। बुधवार रात पुलिस ने नई सड़क इलाके में नशेड़ियों के ठिकाने पर दबिश देकर कोलकाता निवासी मोहम्मद अख्तर हुसैन को गिरफ्तार किया गया। थैली में उसके पास से 1 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
सब इंस्पेक्टर परसराम ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने नशीले पदार्थ के कारोबार से जुड़े कई लोगों के नाम उगले हैं। वह गांजे की पुड़िया नशेड़ियों को बेचता था। उससे गांजा और अन्य नशीले पदार्थ के सप्लायरों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
उसकी सूचना पर शीशा खान, अंदरकोट इलाके में नशेड़ियों के ठिकानों पर दबिश दी गई। कार्रवाई के बाद नशे के कारोबारी भूमिगत हो गए। एनडीपीएस एकट के तहत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा।