बीकानेर. तारीख पेशी पर उदयपुर जा रहे कैदी ने रेलगाड़ी में चालानी गार्ड के पुलिसकर्मियों को बेहोश किया और फरार हो गया। बीकानेर के केन्द्रीय कारागृह में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे कैदी पवनपुरी गोस्वामी की उदयपुर के न्यायालय में एक अन्य मामले में 14 फरवरी को तारीख पेशी थी।
पुलिसलाइन से चालानी गार्ड के हैड कांस्टेबल लियाकत अली, कांस्टेबल भंवरसिंह, रामचन्द्र व विनोद कुमार मंगलवार की रात को उसे लेकर बीकानेर से जयपुर जाने वाली रेलगाड़ी में रवाना हुए। रेलगाड़ी में कैदी पवनपुरी ने पुलिसकर्मियों को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और हथकड़ी खोलकर फरार हो गया। बुधवार को सुबह रेलगाड़ी जयपुर स्टेशन पर पहुंची तो चारों पुलिसकर्मी डिब्बे में बेहोश पड़े थे।
रेलवे पुलिस ने चारों पुलिसकर्मियों को बेहोशी की हालत में एसएमएस अस्पताल में भर्ती करवाया और बीकानेर पुलिस को सूचना दी। चारों पुलिसकर्मियों को दिनभर होश नहीं आने के कारण उनके बयान नहीं हुए। जयपुर रेलवे पुलिस को रेलगाड़ी के डिब्बे में पुलिसकर्मियों के पास हथकड़ी, कमांड सर्टिफिकेट तथा मुल्जिम से संबंधित कागजात मिले हैं।
कैदी को दबोचने के लिए राज्यभर की पुलिस को सूचित किया गया है। बीकानेर केन्द्रीय कारागृह के अधीक्षक ए. आर. नियाजी ने बताया कि कैदी पवनपुरी उदयपुर में भोपालपुरा पुलिस थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसे उदयपुर में सेशन जज ने 18 अगस्त, 2003 को हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में उसे उदयपुर से बीकानेर जेल में ट्रांसफर किया गया।
पूर्व में भी फरार हुआ था पवन : उदयपुर निवासी पवनपुरी गोस्वामी वर्ष, 2006 में भी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। चालानी गार्ड के पुलिसकर्मी उसे तारीख पेशी पर चित्तोड़गढ़ के गंगरार क्षेत्र में ले गए थे। इस दौरान वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। बाद में उसे दो अक्टूबर, 06 को उदयपुर में गिरफ्तार किया गया था।
दाऊद के शूटर ने भी दिया था पुलिस को चकमा : बीकानेर केन्द्रीय कारागृह में सजा भुगत रहा दाऊद का शूटर अनिल सोनी उर्फ इकबाल भी तारीख पेशी पर जाते समय चालानी गार्ड के पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था।
उसे पिछले साल 18 अक्टूबर को तारीख पेशी पर दिल्ली ले जाया गया था। वापस लौटते समय भटिंडा के पास पुलिसकर्मियों को चकमा देकर वह फरार हो गया था। बाद में उसे दिल्ली पुलिस ने संगम विहार इलाके में गिरफ्तार किया।
>> ‘‘ चालानी गार्ड के पुलिसकर्मी जयपुर के अस्पताल में भर्ती हैं। आरआई से कहा गया है कि वह इन पुलिसकर्मियों से पूछताछ वास्तविकता का पता लगाए। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हवासिंह घुमरिया, एसपी बीकानेर
पुलिसकर्मियों के खिलाफ चालान पेश : जामसर थाना पुलिस ने दाऊद के शूटर अनिल सोनी उर्फ इकबाल की फरारी के मामले में दोषी चार पुलिसकर्मियों सहित पांच जनों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश कर दिया है।
बीकानेर के केन्द्रीय कारागृह में सजायाफ्ता दाऊद के शूटर अनिल सोनी उर्फ इकबाल की 18 अक्टूबर को दिल्ली की अदालत में तारीख पेशी थी। चालानी गार्ड के हैड कांस्टेबल दुर्गाराम मेघवाल, कांस्टेबल तेजसिंह जाटव, राजेन्द्र शर्मा व छगनलाल रेगर उसे तारीख पेशी पर दिल्ली ले गए।
अवध-आसाम एक्सप्रेस से वापस लौटते समय अनिल पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था। जामसर पुलिस थाने में चारों पुलिसकर्मियों सहित अनिल के खिलाफ मिलीभगत और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया।
एसएचओ भूराराम खिलेरी ने बताया कि अनुसंधान में चारों पुलिसकर्मियों व अनिल को दोषी माना और उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश कर दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में कुछ दिन पूर्व ही अनुसंधान पूर्ण कर लिया था लेकिन अभियोजन की स्वीकृति नहीं मिलने के कारण अभियुक्तों के खिलाफ चालान नहीं किया जा सका था।
एसपी हवासिंह घुमरिया से स्वीकृति प्राप्त कर जामसर पुलिस ने बुधवार को उनके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश कर दिया। गौरतलब है कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ आईपीएस शरत कविराज की ओर से की गई विभागीय जांच में भी उन्हें दोषी माना गया है।