बीकानेर. वसंतोत्सव के आगमन के साथ ही सर्दी के तेवर ढीले पड़ने शुरू हो गए हैं। दिन में धूप अपना असर दिखाने लगी है। बुधवार को शहर में दिनभर अच्छी धूप खिली रही। दोपहर में धूप की तल्खी ऐसी थी कि लोगों ने धूप से बचने का प्रयास किया लेकिन सांझ ढलने के बाद फिर से सर्द हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया।
हवाओं के कारण ही रात के समय एकबारगी फिर शहर ठिठुरने लगा। बीती रात भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहा। ठिठुराती रात में पारा चार डिग्री पर ही थमा रहा। रात ठंडी होने के कारण सुबह के समय भी शहर ठिठुरता रहा। मौसम विभाग ने बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 23.5 डिसे रिकार्ड किया। शहर में जहां सर्दी से कुछ राहत मिली वहीं जिले का ग्रामीण अंचल अभी भी ठिठुर रहा है।
कई गांवों में बुधवार को पारा जमाव बिन्दु पर टिका रहा। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के आड़सर गांव, नोखा तहसील के जयसिंहदेसर और पिथरासर गांवों के खेतों में रखे पानी पर परत जम गई। गांवों में लोग दिनभर ठिठुराते रहे। सांझ ढलते ही यहां अलाव जल उठे।