बीकानेर.
फिल्म ‘जोधा-अकबर’ को राजपूत समाज की भावनाओं के साथ खिलवाड़ बताते हुए राजपूत समाज ने इसका प्रदर्शन नहीं होने देने का ऐलान किया है। सेना के जिला संयोजक उम्मेदसिंह सामराऊ की अध्यक्षता में बीनादेसर हाउस में आयोजित बैठक में समाज के लोगों में इस बात पर आक्रोश था कि मुख्यमंत्री ने अभी तक इस फिल्म के प्रदर्शन रोक नहीं लगाई।
श्री राजपूत मिशन के राजेन्द्रसिंह कक्कू ने कहा कि हम संवैधानिक तरीके से फिल्म का विरोध कर रहे हैं अगर सरकार और प्रशासन का अड़ियल रुख रहा तो आरपार की लड़ाई लड़ी जाएगी। करणी सेना के संरक्षक भगवानसिंह महनसर ने कहा कि झूठे इतिहास से रचित चरित्र पर फिल्म बनाकर राजपूत समाज का चरित्र हनन किया जा रहा है, इसे समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस फिल्म का 15 फरवरी को रिलीज होना प्रस्तावित है, इस स्थिति को देखते हुए सेना ने कार्यकारी दलों का गठन किया जो इसका प्रदर्शन रुकवाएंगे। बैठक में सूरजमालसिंह नीमराणा,करणीसेना के जिलाध्यक्ष प्रहलादसिंह मार्शल, जिला सचिव रघुवीरसिंह, महीपालसिंह शेखावत, त्रिभुवन सिंह राजवी, तेजसिंह मेलिया, जितेन्द्रसिंह रायसर, भंवरसिंह भाटी आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।