मुंबई. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे की गिरफ्तारी और जमानत के एक दिन बाद तनाव और आशंकित हिंसा को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से पूरे महानगर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है हालांकि गुरुवार सुबह माहौल सामान्य रहा।
पुलिस और सुरक्षा बल सतर्क थे लेकिन गुरुवार सुबह व्यापार-व्यवसाय सामान्य रूप से चल रहा था, मुंबईवासी रोजमर्रा की गतिविधियों में व्यस्त थे और टैक्सियां भी सुचारू रूप से गतिमान थीं। गौरतलब है कि बुधवार को राज ठाकरे की गिरफ्तारी के बाद पूरे महाराष्ट्र में तनाव देखा गया था और हिंसा के समाचार थे।
पुलिस संयुक्त कमिश्नर केएल प्रसाद का कहना है कि कल जब ठाकरे गिरफ्तार किए गए थे तब पथराव जैसी कुछ घटनाएं हुई थीं लेकिन कुछ गंभीर घटना नहीं हुई। प्रसाद ने कहा कि अगले 24 घंटों के लिए सुरक्षा के लिहाज से पुलिस हाई अलर्ट पर रहेगी।
वहीं, बॉम्बे टैक्सी यूनियन के सचिव एएल कादरस का कहना था कि ठाकरे की गिरफ्तारी के बाद सभी टैक्सियां सड़कों पर थम गई थीं लेकिन कुछ ही देर बाद ठाकरे को बेल मिलने पर फिर टैक्सियां चलने लगीं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को ठाकरे और सपा नेता अबू आजमी को गिरफ्तार किया गया था लेकिन कुछ ही देर में दोनों नेताओं को जमानत मिल गई। पिछले लगभग दो हफ्तों से उत्तर भारतीयों के खिलाफ मनसे कार्यकर्ताओं ने हिंसात्मक रवैया अपनाए रखा जो महाराष्ट्र के कई जिलों में कल भी जारी रहा।
संबंधित खबरें
* मनसे प्रमुख राज ठाकरे कॊ मिली जमानत
* मनसे या 'तनसे' : कई जगह उत्पात, गीते गिरफ्तार
* राज, आजमी के खिलाफ पर्याप्त प्रमाण
* राज के आरोपों से मायूस हैं बिग-बी : अमर
* 16 साल पहले राज गए थे हवालात
* शादी की तैयारियों में अधिक व्यस्त हैं विलासराव
* गुंडा'राज' : बोले बॉलीवुड सितारे
* नासिक में पथराव, जाने लगे लोग लेकर घाव