कोटा. रिलायंस पावर के आईपीओ में निवेश करने वाले निवेशकों को बुधवार से रिफंड मिलना शुरू हो गया। शहर के कई हिस्सों में शाम तक डाक बंट चुकी थी। गौरतलब है कि रिलायंस के आईपीओ में करीब 18 हजार निवेशकों ने 75 करोड़ रुपए का निवेश किया था।
रिलायंस पावर के आईपीओ से वंचित रहे निवेशकों को उनके द्वारा निवेश की गई राशि का रिफंड मिलने की तिथि 1 फरवरी निर्धारित की गई थी, लेकिन कोटा में रिफंड मिलने में हुई देरी की वजह से कोटा शेयर ब्रोकर एसो. के अध्यक्ष जेके जेन ने सेबी के अध्यक्ष दामोदरन को पत्र लिखकर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी।
इसके बाद बुधवार से रिफंड मिलना शुरू हो गया। निवेशकों को इससे करीब 1 करोड़ 80 हजार रुपए रिफंड के रूप में मिलने की उम्मीद है। इधर, रिलायंस पावर के शेयर में बुधवार को भी मंदी रही। यह 355 पर बंद हुआ।
>> ‘मुझे 18 हजार 565 रुपए का रिफंड मिल चुका है। रिफंड का लिफाफा बुधवार को ही पहुंचा है।’
विशाल गर्ग, निवेशक
>> ‘रिलायंस आईपीओ का रिफंड बुधवार को मिल गया। इसका कई दिन से इंतजार था।’
सुलोचना जैन, निवेशक, गुलाबबाड़ी
>> ‘मेरी जानकारी में नहीं है कि रिलायंस का रिफंड आना शुरू हो गया है। मैने बुधवार शाम को आरएमएस कर्मचारियों से पता किया था, उन्होंने बताया कि शाम तक रिफंड नहीं पहुंचा। यदि मुझे गलत जानकारी दी गई है तो कर्मचारियों को सख्त चेतावनी दी जाएगी।’
दिनेश शर्मा, डाक प्रवर अधीक्षक