कोटा.
वेलेंटाइन डे को यादगार बनाने के लिए लवर्स एक दूसरे को तोहफे देते है। वेलेंटाइन डे के एक दिन पहले शहर की कार्ड व गिफ्ट गैलरियों में गिफ्ट व कार्ड खरीदने के लिए युवाओं की भीड़ लगी रही। वेलेंटाइन डे पर हार्ट शेप के गिफ्ट की ज्यादा डिमांड है। टेडीबियर से लेकर कार्ड में हर जगह हार्ट शेप नजर आ ही जाती है।
आखिर वेलेंटाइन डे पर सब अपने प्यार को दिल का ही तोहफा देना चाहते हैं। तलवंडी के कजरी गिफ्ट गैलरी के दीपक जैन ने बताया कि इस बार झूला कपल व हार्ट शेप के टेडीबियर सबसे ज्यादा बिके हैं। वहीं छावनी स्थित परंपरा आर्चिज गैलरी के राहुल जैन ने बताया कि गुलाबी व लाल रंग के टेडीबियर की बिक्री सबसे अधिक है।
1500 रुपए का कार्ड
म्यूजिकल कार्ड की जगह इस बार 1500 रुपए में बॉक्स कार्ड आया है। जिसमें 15 कार्ड है जिसमें हर कार्ड पर प्यार से संबंधित कोटेशन लिखी हुई है। कार्ड के हर पेज को खोलते ही तितलियों से लेकर फूल खिलते हैं जो मनमोह लेते हैं।
टॉप फाइव गिफ्ट
चॉकलेट
टेडीबियर
कार्ड
हार्ट शेप के शोपीस
लव पिजन
टॉप फाइव लव स्पॉट
चंबल गार्डन
सीवी गार्डन
क्षार बाग
ट्रैफिक गार्डन
भीतरिया कुंड
मुहुर्त देख करें विश
ज्योतिषी पं.विनोद शास्त्री.
14 फरवरी को अपने प्यार को वैलेंटाइन डे विश करने के श्रेष्ठ मुहूर्त बता रहे हैं
बेस्ट टाइम : सुबह 7:08 से 8:31 तक, सुबह 11:17 से दोपहर 1:30 बजे तक, दोपहर 3 से 3:27 बजे तक, शाम 4:50 से 6:14 बजे तक
मकर राशि वाले सुबह नहीं करें विश : मकर, कन्या व वृष राशि वाले सुबह 7:38 से पहले अपने वैलेंटाइन को विश नहीं करे, तुला, कुंभ व मिथुन राशि वाले वैलेंटाइन डे के लिए तैयारी तो बहुत करेंगे पर उनके सारे अरमान ठंडे पड़ जाएंगे। क्योंकि इनकी राशि में चौथे, आठवें व बारहवें स्थान में चंद्रमा होने से उनके सभी सपने पूरे नहीं हो पाएंगे, इसके अलावा बाकी राशि के लिए पूरा दिन वैलेंटाइन डे विश करना अच्छा रहेगा।
शादी के लिए चुना वेलेंटाइन डे
रामपुरा में रहने वाले राहुल जैन के लिए यह 14 फरवरी खासे मायने रखती है। हो भी क्यों नहीं, आखिर इस दिन उनकी शादी जो है। वैलेंटाइन डे को शादी का मुहरूत नहीं होने के बाद भी उन्होंने शादी के लिए यही दिन चुना, क्योंकि वे शुरु से यही चाहते थे कि उनकी शादी वेलेंटाइन डे पर हो।
बुधवार रात को को लेडिज संगीत के दौरान लाल गुलाब व उनकी मंगेतर की पसंदीदा पर्क चॉकलेट से सबके सामने प्रपोज और विश किया साथ ही डायमंड रिंग भी पहनाई। उनकी मंगेतर खाचरौद निवासी पायल जैन वैलेंटाइन डे पर शादी करने की बात से काफी खुश है। उसने भी राहुल को सरप्राइज देने के लिए तैयारी की है।