उदयपुर. चाय के विज्ञापन की शूटिंग के लिए जर्मनी से आए फोटोग्राफर की लक्ष्मीविलास होटल में तबीयत बिगड़ गई। उसे अमेरिकन अस्पताल में मृत घोषित किया गया। शव सरकारी एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम रविवार को किया जाएगा। मूलत: वह कोरिया का था। दूतावास को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार चुई हूआंग चांग (४0) 11 फरवरी को चाय की एक विज्ञापन फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में जर्मनी की यूनिट के साथ उदयपुर आया था। यह दल लक्ष्मीविलास होटल में ठहरा था। चांग कुछ समय से जर्मनी में ही रह रहा था। वह यूनिट में स्टील फोटोग्राफर के रूप नियुक्त था। शुक्रवार रात करीब 1 बजे होटल में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इस पर उसे अमेरिकन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। होटलकर्मी राघवेन्द्र सिंह चारण ने हाथीपोल थाना पुलिस को सूचना दी। शनिवार सुबह शव को एमबी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया जिसका पोस्टमार्टम रविवार सुबह होगा। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
दूतावास को बताया
हाथीपोल थानाधिकारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि चांग की मृत्यु की सूचना कोरिया व जर्मनी के दूतावास को दे दी है। मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम के बाद ही पाएगा। विज्ञापन फिल्म के प्रोडयूसर सराहा मेकडोनाल्ड, डेवीड सीटोफेल व करीना भी शनिवार को शहर पहुंचे।