उदयपुर.
दुर्गानर्सरी रोड पर शनिवार की दोपहर बेतरतीन खड़े वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस एवं परिषद के हमले द्वारा चलाए अभियान से हड़कंप मच गया। शहर के सबसे व्यस्ततम मार्गो में से एक इस मार्ग के व्यवसायी भी पार्किग स्पेस न होने से परेशान हैं। जिस बेरहमी से अभियान चलाया गया उसे लेकर वाहन मालिक भी क्षुब्ध हैं।
‘भास्कर’ ने जब पीड़ितों से चर्चा की तो उनका कहना था कि रोज-रोज क्रेन से वाहन उठाना हल नहीं है। इस मार्ग के दोनों तरफ किए गए अवैध निर्माण तोड़कर पार्किग स्पेस के लिए सड़क के किनारे मुक्त कराए जाएं।
दुर्गानर्सरी रोड पर प्रतिष्ठानों के सामने बेतरतीब पार्क किए गए वाहनों को नगर परिषद के अतिक्रमण निरोधी दस्ते व यातायात पुलिस ने जब्त किया। कई वाहनों के चालान भी काटे। सड़क पर पड़े बोर्ड भी जब्त किए गए। दुर्गानर्सरी रोड पर बड़ी संख्या में शोरूम, प्रतिष्ठान व निजी शिक्षण संस्थान हैं। यहां प्रतिष्ठानों के बाहर ही सड़क पर ही वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है जिससे यातायात जाम की समस्या बनी रहती है।
पहले भी संबंधित लोगों को हिदायत दी गई कि वे अपने काम्पलेक्स में बने बेसमेंट वाहनों की पार्किग की व्यवस्था कराएं। शनिवार दोपहर यातायात डिप्टी हर्ष रत्नू, भूपालपुरा थानाधिकारी मंजीतसिंह व नगर परिषद के अतिक्रमण दस्ते ने संयुक्त अभियान छेड़ा। पुलिसकर्मियों ने दुर्गा नर्सरी रोड पर खड़े दुपहिया वाहन को जब्त कर उदियापोल स्थित यातायात चौकी में पहुंचा दिया।
आकस्मिक अभियान के चलने पर दुकानों व निजी संस्थानों से ग्राहकों में हडकंप मच गया। कार्यवाई में करीब तीस दुपहिया व चार पहिया वाहन जब्त कर चालकों के खिलाफ चालान काटे गए। वाहन जब्त करने के बाद नगर परिषद के दस्ते ने दुकानों के बाहर पड़े कई बोर्ड को जब्त किया और दुकानों के बाहर लगाए गए साइन बोर्ड व विज्ञापन सामग्री को हटाया गया।