उदयपुर.
शहर में शनिवार को रिलायंस फ्रेश के तीन स्टोर्स शुरू हुए। सेक्टर 3, फतहपुरा और दैत्यमगरी में खोले गए इन स्टोर पर खुलते ही उपभोक्ताओं की भीड़ लग गई। स्कीम की घोषणा से भीड़ इतनी थी कि ग्राहकों को बाहर भी लंबी कतार में लगना पड़ा। एक ही छत के नीचे सभी वस्तुएं वे भी वाजिब दाम पर मिलने की खबर तथा रिलायंस के नाम पर उपभोक्ताओं की भीड़ टूट पड़ी। शाम 6.30 बजे तक भी लोगों की कतार लगी थी। स्टोर्स का उद्घाटन गांव के किसानों व उनके परिजनों व ग्राहकों द्वारा किया गया।
अच्छी सर्विस देने को तैयार
रिलायंस रिटेल के राजस्थान प्रभारी उमेश भंडारी ने कहा कि हम ग्राहकों को अच्छी सर्विस देने के लिए तैयार हैं। उनको पैसे की पूरी कीमत देने और संतुष्ट करके की पूरी कोशिश करेंगे। स्टोर्स पर तीन हजार प्रोडक्ट उपलब्ध हैं और सभी पर कोई न कोई आफर है। मार्च से होम डिलीवरी सेवा की भी शुरूआत करेंगे।
वैरायटी और वाजिब दाम
आदिनाथ नगर फतहपुरा की प्रियंका ने कहा कि सबसे बड़ा फायदा यह कि फल व सब्जी की अलग-अलग वैरायटी वह भी एक साथ मिल रही हैं व वाजिब दाम पर। पुलां निवासी सुनीता का कहना है कि यहां सामान फ्रेश और बाजार से सस्ता है। सामान खरीदने के बाद एक घंटा बिल चुकाने लाइन में लगना पड़ा है। न्यू भूपालपुरा की अनामिका सिंह के अनुसार फल व सब्जियों में वैरायटी है। बाजार में इन्हें ढूंढना पड़ता है।
अंबामाता स्कीम निवासी बृजेश माथुर ने बताया कि खरीदारी में आफर का आकर्षण भी है। देखते हैं यह आगे भी जारी रहता या नहीं। चुंगीनाका, फतहपुरा के सुधीर गुप्ता ने कहा कि अब हर जगह आर्गेनाइज्ड पर्चेचिंग चल रही है, वह उदयपुर में भी शुरू हो गया। यह बहुत अच्छा है।