HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

छात्र की पिटाई,शिक्षक बर्खास्त

अजमेर.students सुभाष नगर इलाके के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक ने कथित रूप से छात्र की लात-घूसों से पिटाई कर दी। घटना शुक्रवार की बताई गई है, शनिवार को अभिभावक शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे। खासा हंगामा हुआ, प्रबंधन को स्कूल की छुट्टी करनी पड़ी। आखिर में संस्था प्रधान की ओर से लिखित माफीनामा देने और आरोपी शिक्षक को बर्खास्त किए जाने के बाद मामला शांत हो सका।

पांचवी कक्षा के छात्र विश्वजीत के माता-पिता गणपत सामरिया और सीमा ने बताया कि शिक्षक मुकेश सुनारीवाल पहले भी उनके पुत्र की पिटाई कर चुका है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार को उसने विश्वजीत को फिर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी आंख के पास चोट लगी और हाथ-पैर में सूजन आ गई। दर्द के कारण वह पूरी रात सो नहीं सका।

विश्वजीत का कहना है कि सामाजिक विज्ञान के क्लास टेस्ट में नंबर कम आने पर शिक्षक सुनारीवाल ने उसे पीटा और मुर्गा बनाया। क्लास के अन्य बच्चों को भी मुर्गा बनाया गया था। विश्वजीत के अभिभावक शनिवार सुबह स्कूल पहुंचे और संस्था प्रधान से शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

छात्रों ने की नारेबाजी : पिटाई के विरोध में अभिभावकों के साथ कई छात्र भी स्कूल पहुंचे थे। छात्र नेता सुनील लारा के नेतृत्व में नारेबाजी कर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बीच, संस्था प्रधान ने अभिभावकों को बताया कि आरोपी शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है। उन्होंने माफीनामा देकर भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने का भरोसा भी दिलाया।

स्कूल नहीं आया आरोपी शिक्षक

अभिभावक और छात्र नेताओं के विरोध के समय शिक्षक मुकेश सुनारीवाल स्कूल में नहीं था। अभिभावकों ने उसे बुलाने की मांग की। इस पर संस्था प्रधान रजनी नवल ने उन्हें बताया कि सुनारीवाल को बर्खास्त कर दिया गया है।

ट्यूशन भी जाता था..

अभिभावकों ने बताया कि कुछ दिन पहले तक वे विश्वजीत को ट्यूशन के लिए शिक्षक मुकेश सुनारीवाल के पास भेजते थे। बाद में विश्वजीत ने ट्यूशन पढ़ना बंद कर दिया। अभिभावकों ने आरोप लगाया कि विश्वजीत की पहले भी स्कूल में पिटाई की गई थी।

‘शिक्षक मुकेश सुनारीवाल को बर्खास्त कर दिया गया है। घटना से स्कूल का नाम खराब हुआ है। घटना के वक्त मैं स्कूल में नहीं थी। वरना शायद यह नौबत नहीं आती।
-रजनी नवल, संस्था प्रधान, सेंट डोमनिक मिडिल स्कूल





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: