HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

आजादी का सिपाही पंचतत्व में विलीन

बीकानेर.funeral स्वतंत्रता सेनानी मूलचंद पारीक की अंतिम यात्रा में शनिवार को शहर के गणमान्य लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं ने शिरकत की। राजकीय सम्मान के साथ प्रारंभ हुई उनकी अंतिमयात्रा में लोगों ने ‘मूलचंद पारीक अमर रहे’ नारे भी लगाए। पारीक का अंतिम संस्कार जस्सूसर गेट स्थित पारीक समाज श्मशान भूमि में किया गया जहां उन्हें सशस्त्र पुलिस बल की ओर से तीन राउंड फायर कर सलामी दी गई।

इस मौके पर स्वतंत्रता सेनानी रामनारायण शर्मा, नगर विधायक डॉ. बी.डी.कल्ला आदि ने भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। पारीक को उनके पुत्र भंवरलाल पारीक ने मुखाग्नि दी। पारीक का निधन शुक्रवार रात 12 बजे पीबीएम अस्पताल में हो गया था। शनिवार सुबह उनके पारीक चौक स्थित पैतृक निवास पर अंतिम दर्शन के लिए लोगों को हुजूम उमड़ पड़ा।

स्वतंत्रता सेनानी पारीक की पार्थिव देह को तिरंगे में लपेटकर सशस्त्र सलामी दी गई और मातमी धुन बजाई। जिला कलेक्टर शिखर अग्रवाल की ओर से इस मौके पर राज्य सरकार की ओर से पुष्पचक्र अर्पित किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक हवासिंह घुमारिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शरत कविराज, एसडीएम भवानीसिंह शेखावत आदि ने भी श्रद्धांजलि स्वरूप पुष्पचक्र अर्पित किया।

इस अवसर पर नगर परिषद सभापति मकसूद अहमद, एडवोकेट रामकृष्णदास गुप्ता, पूर्व लेफ्टीनेंट जनरल चिमनसिंह, वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष कालीचरण माथुर, पशु क्रूरता निवारण समिति के लक्ष्मीनारायण पारीक, खादी मंदिर के इंदुभूषण गोयल, विजयचंद कोचर आदि ने भी पुष्प अर्पित किए।

दैनिक भास्कर की ओर से स्वतंत्रता सेनानी मूलचंद पारीक की पार्थिव देह पर संस्करण प्रभारी मधु आचार्य, सिटी चीफ हरीश बी. शर्मा, असिस्टेंट मार्केटिंग मैनेजर जितेंद्र शर्मा ने पुष्पचक्र अर्पित किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: