इंदौर. शनिवार अलसुबह काम पर जा रही एक महिला को नशे में धुत तीन युवकों ने पकड़ा और सुनसान गली में ले जाकर जबर्दस्ती की। महिला की चीख-पुकार सुनकर लोग व पुलिस मौके पर पहुंच गई और घेराबंदी कर आरोपियों को धरदबोचा। तीनों बर्थडे पार्टी मनाकर लौटे थे।
वारदात सदरबाजार रोड पर दिलीपसिंह कॉलोनी की एक सुनसान गली में हुई। गिरफ्तार आरोपी गौरव पिता गिरीश बोरगांवकर (26) नि. 20, अहिल्यामार्ग (जेलरोड), सबजीत पिता नरेश निजाम (23) नि. तिलकपथ तथा गौरव पिता गुरुचरण कश्यप (25) निवासी सिरेमल बाफना मार्ग हैं।
एडीशनल एसपी मनोजकुमार सिंह ने बताया बाणगंगा क्षेत्र के कर्मानगर की माया (परिवर्तित नाम) पंढरीनाथ क्षेत्र के एक ढाबे पर काम करती है। महिला के शोर मचाने पर रिक्शेवालों को घटना का पता चल गया और वे दौड़े, तभी रात्रि गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों को देख तीनों युवक भागे लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया और थाने ले गए। इस बीच माया भी बदहवास हालत में सदर बाजार थाने पहुंची और बदमाशों की पहचान करते हुए आपबीती सुनाई।
सीएसपी बीजे सालुंके ने बताया तीनों आरोपी अच्छे घरानों के हैं। गौरव बोरगांवकर टाटा एआईजी में सेल्स मैनेजर है। सबजीत बीकॉम द्वितीय वर्ष (प्राइवेट) की पढ़ाई के साथ होटल चलाता है जबकि गौरव कश्यप पिता के साथ बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करता है। उधर, तीनों ने मामले में खुद को निदरेष बताते हुए कहा माया तो दो अन्य युवकों के साथ थी। उन्होंने उसके साथ कुछ नहीं किया।
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का दबाव बनाया
बताया गया है गिरफ्तार आरोपियों के परिजन शहर के रसूखदार लोगों से ताल्लुक रखते हैं। घटना के बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर पुलिस पर दबाव बनाते हुए कहा उनके बच्चे निदरेष हैं लेकिन पुलिस ने किसी प्रकार के दबाव में नहीं आई और महिला के कथनानुसार त्वरित कार्रवाई कर आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।