HomeNewsMetrosIndore Indore

एक हजार बच्चों के लिए दो करोड़ का प्लान

इंदौर. मल्हाराश्रम स्कूल के 36 एकड़ परिसर में एक हजार बच्चों के लिए सारे इंतजाम जुटाए जाएंगे। इसमें खेल सुविधाएं बढ़ाना और खाली पद भरना भी शामिल है। इसके लिए दो करोड़ का मास्टर प्लान स्कूल की परामर्शदात्री समिति की बैठक में पास हो गया है। यह प्रदेश का एकमात्र सरकारी आवासीय स्कूल है।

होलकर राजदरबार के मंत्रियों के बच्चों को पढ़ने के लिए 1922 में बने मल्हाराश्रम का विकास अब मास्टर प्लान के आधार पर होगा। यह संभवत: पहला सरकारी स्कूल है जिसके लिए जिला प्रशासन ने प्लान बनाया है। यहां फिलहाल 248 छात्र हैं जिनमें 40 होस्टल में नहीं रहते।

शनिवार को आयोजित परामर्शदात्री समिति की बैठक में चेयरमैन व कलेक्टर विवेक अग्रवाल, एसडीओ चंद्रमौलि शुक्ल, प्राचार्य सुरेश बिचौलिया, एनसीसी अधिकारी अनिल पांडे, खेल अधिकारी सतीश शितोले, जनप्रतिनिधि मदनसिंह यादव उपस्थित थे।

बैठक में मौजूदा समस्याओं और पढ़ाई के स्तर पर चर्चा हुई। पदोन्नति के कारण खाली शिक्षकों के चार पदों तत्काल भरने के निर्देश शिक्षा विभाग को दिए गए। 20 साल से रखा करीब 25 टन अनुपयोगी सामान बेचने का निर्णय भी लिया। इसमें फर्नीचर, पाइप, ड्रम शामिल हैं। पांच हजार लीटर की चार टंकियां और 1580 मीटर बाउंड्रीवॉल भी बनाई जाएगी।

ये बनेगा : मास्टर प्लान में नए होस्टल व शैक्षणिक परिसर के साथ क्रिकेट व हॉकी के अलग ग्राउंड, बॉस्केटबॉल व टेनिस के दो-दो कोर्ट और एक हजार छात्रों के लिए मैस का प्रावधान है।

85 साल बाद हुआ बड़ा निर्णय : प्राचार्य श्री बिचौलिया व स्टाफ की मानें तो 85 साल बाद स्कूल के विकास के लिए इतना बड़ा निर्णय हुआ। पहले तो सामान्य विकास की मंजूरी के भी लाले पड़ते थे।

देशभर में है नाम : स्कूल में सामान्य व पिछड़े वर्ग के छात्रों को छठी से 12वीं तक मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाता है। यहां इंदौर व आसपास के साथ भोपाल, ग्वालियर, होशंगाबाद, झांसी तक के छात्र आते हैं। यहां के पूर्व छात्रों में कई हस्तियां शामिल हैं।

कहां से आएगा धन
एसडीओ ने बताया मास्टर प्लान क्रियान्वयन के लिए कुछ धन जिला प्रशासन देगा और कुछ समाजसेवी संस्थाओं से लिया जाएगा। 1956 में यहां पढ़े न्यूजर्सी में कार्यरत डॉ. दिग्विजयसिंह किरनार भी बड़ी रकम देने की घोषणा कर चुके हैं। वे अमेरिका में बेस्ट फिजिशियन अवॉर्ड ले चुके हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: