News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. राज्य के 48 जिलों में से एक-एक विधानसभा क्षेत्र में पायलट प्रोजेक्ट के तहत फोटो युक्त मतदाता सूचियों को परिसीमन 2007 के आधार पर तैयार किया जाएगा। इनमें अंचल की सुरक्षित सीट डबरा (ग्वालियर), श्योपुर, सबलगढ़ (मुरैना), सुरक्षित सीट गोहद (भिण्ड), सेवढ़ा (दतिया), कोलारस (शिवपुरी), बमौरी (गुना), मुंगावली (अशोकनगर) विधानसभा क्षेत्र का नाम शामिल है। इन आठ सीटों का होमवर्क 23 फरवरी तक पूरा होगा।
इस मामले में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को विस्तृत निर्देश जारी किए हैं। इसी आधार पर प्रत्येक जिले की एक-एक विधानसभा सीट की वोटर लिस्ट को परिसीमन 2007 के आधार पर तैयार किया जाएगा।
इस मामले में भू-अभिलेख विभाग, निर्वाचन कार्यालय व स्थानीय निकायों के पास उपलब्ध आंकड़ों की मदद ली जाएगी ताकि वोटर लिस्ट त्रुटिरहित बन सके। इस सूची में परिसीमन 2007 के आधार पर तैयार वोटर लिस्ट में शामिल डाटा को हरी स्याही से और पुरानी सूची में शामिल डाटा को लाल स्याही से दर्शाया जाएगा।
इस सूची में मतदान केंद्रों के काल्पनिक नंबर भी लिखे जाएंगे। उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे पर पिछले सप्ताह भारत निर्वाचन आयोग कार्यालय में सभी प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में परिसीमन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई थी।
फैक्ट फाइल
पूवरेत्तर के चार राज्यों (असम, मणिपुर, नागालेण्ड व अरुणाचल)और झारखण्ड को छोड़कर सभी राज्यों में विधानसभा व लोकसभा चुनाव नए परिसीमन के तहत होंगे।
झारखण्ड को वर्ष 2026 तक नए परिसीमन के दायरे से बाहर रखा गया है।
देश के 24 राज्यों में परिसीमन लागू करने पर केंद्र ने मोहर लगाई। इससे वर्ष 1976 में हुआ परिसीमन निष्प्रभावी हो जाएगा।