HomeNewsNational National

अमर सिंह ने लालू पर साधा निशाना

मुंबई. राज ठाकरे-उत्तर भारतीय विवाद की राजनीति उलझती जा रही है। मुंबई आकर छठ पूजा करने संबंधी रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के बयान को सपा नेता अमरसिंह ने भड़काऊ करार दिया है। उधर, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) नेता राज ठाकरे ने उत्तरप्रदेश में गांवों-कस्बों का नामकरण महाराष्ट्र की हस्तियों के नाम पर करने के लिए मुख्यमंत्री मायावती की तारीफ की है।

अमर सिंह ने यहां शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लालू को ऐसे भड़काने वाले बयान नहीं देने चाहिए। बेहतर होता कि लालू तेरह दिन चुप बैठने की बजाय पहले ही कांग्रेस पर कार्रवाई के लिए दबाव डाल देते।

उन्होंने पासवान द्वारा रांची में अपने कार्यकर्ताओं से महाराष्ट्रियनों को निशाना बनाने के लिए कहे जाने की भी आलोचना की। सपा नेता ने यह भी कहा कि एमएनएस की मान्यता को रद्द करवाने के लिए वे चुनाव आयोग से संपर्क साधेंगे।

मायावती की तारीफ : राज ठाकरे ने एक मराठी साप्ताहिक से बातचीत में कहा कि उन्होंने कभी भी मायावती की मुंबई रैली का विरोध नहीं किया। वे तो इस बात से खुश हैं कि उत्तरप्रदेश की मुख्यमंत्री ने अपने प्रांत के कई गांवों-कस्बों के नाम महाराष्ट्र की हस्तियों जैसे राजा शाहू, ज्योतिबा फुले और डॉ. आंबेडकर के नाम पर रखे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं उन लोगों का सम्मान करता हूं जो मराठी संस्कृति का सम्मान करते हैं, उनका विरोध करता हूं जो मराठी संस्कृति को नष्ट करना चाहते हैं।’





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: