एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया ने सीबी सिरीज के 7 वें मैच में भारत को 50 रन से पीटकर फाइनल में स्थान बना लिया है। 204 रनों के लक्ष्य के सामने पूरी टीम सिर्फ 41.2 ओवरों में 153 रन पर ही ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से 79 रनों की शानदार पारी खेलने वाले माइकल क्लार्क को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
सचिन तेंडुलकर(05), रोहित शर्मा(01), राबिन उथप्पा(18), युवराज सिंह(26),हरभजन सिंह(04),श्रीसंथ(01) और मुनाफ पटेल(0) पर ही ढेर हुए। गौतम गंभीर(34) और कप्तान धोनी(37) ने ही कुछ प्रतिरोध दिखाया। भारतीय कप्तान की पांच बल् लेबाजों को लेकर खेलने की नीति उस पर भारी पड़ी। दुस्साहसी धोनी ने वीरेंद्र सहवाग की जगह आज मुनाफ पटेल को टीम में जगह दी। सचिन जहां अंपायर के गलत निर्णय का शिकार बने। उनके अतिरिक्त शेष सभी भारतीय बल्लेबाज गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर आउट हुए। उनमें अनुभव की कमी साफ नजर आई।
एक समय भारत ने एक विकेट पर 55 रन बना लिए थे। लेकिन जल्दी ही उसका स्कोर 4 विकेट पर 59 रन हो गया। इसके बाद युवराज सिंह ने फार्म में वापस आने की झलक दिखाने के बाद एक खराब गंेद पर विकेट क्या गंवाया भारत के हाथ से मैच दूर जाता दिखा। कप्तान धोनी के रनर रोहित शर्मा की गलती से आउट होते ही भारत मैच से बाहर हो गया।
इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने इरफान पठान(४/४१) की अगुवाई में फिर जोरदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम को 203 रनों पर ही सीमित कर दिया। माइकल क्लार्क ने शानदार 79 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को 200 रनों के पार पहुंचाया। एक समय जब मेजबान 73 के स्कोर पर 5 विकेट गंवा चुका था तब उसके फिर आसान स्कोर में सिमटने के आसार बन गए थे। क्लार्क ब्रेड हॉग(32) के साथ सातवें विकेट लिए 72 रनों की भागीदारी की जो अंतत: निर्णायक साबित हुई।