एडिलेड: आज सिर्फ 5 बल्लेबाजों के साथ खेल टीम इंडिया की लुटिया डूबोने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने साफ-साफ कह दिया है कि वे नहीं सुधरेंगे। आगे के मैचों का भी परिणाम चाहे जो हो युवराज सिंह सारे मैच खेलेंगे।
इस पूरे दौरे में 100 गेंद भी न खेल पाने वाले युवराज आज जमने के बाद ब्रेड हॉग की गेंद पर एक गलत शॉट लगाकर टीम को मझधार में छोड़ गए। नतीजतन टीम एक आसान लक्ष्य के सामने 50 रन से पिट गई। धोनी ने सहवाग की कीमत पर युवी को खिलाने के निर्णय का बचाव करते हुए कहा कि वीरू पूरी तरह से फिट नहीं थे। युवी टीम का एक हिस्सा हैं और वे आगे भी रहेंगे।
उन्होंने युवी के शॉट का भी बचाव करते हुए कहा कि वे खराब गेंदों को सीमा रेखा के पार भेजने का प्रयास कर रहे थे। हॉग की उस गेंद पर भी उन्होंने वही किया। वह गलत जरूर रहा, लेकिन इसके पीछे इरादा गलत नहीं है।