Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood पणजी. बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की शादी को मान्यता मिलेगी या नहीं, यह सवाल संजू बाबा की मुसीबत बनता जा रहा है। दक्षिण गोवा के प्रशासन ने संजू बाबा की नई नवेली दुल्हन मान्यता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा है कि क्यों न उनके द्वारा दाखिल आवासीय प्रमाणपत्र क्यों न रद्द किया जाए।
कोर्ट मैरिज के दौरान 32 वर्षीय मान्यता ने आवासीय प्रमाणपत्र दाखिल करते हुए बताया था कि उनका घर दक्षिण गोवा के मडगांव स्थित एक्वम में है। यह प्रमाणपत्र 7 फरवरी को सब रजिस्ट्रार कार्यालय में दाखिल किया गया था लेकिन इस पर अंतिम हस्ताक्षर नहीं हुए हैं जो कि 90 दिनों के भीतर किए जाने का नियम है।
मडगांव के मामलदार परेश फलदेसाई ने मान्यता को नोटिस जारी करते हुए एक दिन यानी मंगलवार तक जवाब देने को कहा है। मान्यता के गोवा वाले पते पर यह नोटिस सर्कल इंस्पेक्टर के जरिए भिजवाया गया है। इस नोटिस के बाद फिर मान्यता और संजू की कोर्ट मैरिज पर सवालिया निशान लग गया है।
जिला प्रशासन ने बताया है कि नोटिस में जवाब मांगा गया है और अगर मान्यता संतोषप्रद जवाब नहीं दे सकीं तो उनका आवासीय प्रमाणपत्र रद्द कर दिया जाएगा। इससे पहले ग्रामीण स्तरीय राजस्व अधिकारी को इस तरह का प्रमाणपत्र जारी करने पर सस्पेंड किया जा चुका है।
गौरतलब है कि कोर्ट मैरिज के बाद 11 फरवरी को संजू और मान्यता ने मुंबई में हिंदू रीति-रिवाज से शादी की थी लेकिन शादी के दूसरे दिन ही मेराज उर रहमान नामक व्यक्ति ने दावा किया था कि उसकी और मान्यता की शादी हो चुकी है और उसने मान्यता को तलाक नहीं दिया है।