जयपुर. रामगढ़ रोड स्थित जामिया तुल हिदाया में चल रहे तीन दिवसीय दीनी तबलीगी इज्तिमा के अंतिम दिन सोमवार को बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। पुलिस ने इलाके में ढाई घंटे तक मोबाइल नेटवर्क जाम करवा दिया ताकि कोई साजिश को अंजाम न दे सके। बम की अफवाह से शहर में भी अफरा-तफरी रही। बाद में पता चला कि यह महज अफवाह थी।
इज्तिमा में मौजूद करीब दो लाख से अधिक मुसलमानों ने दोपहर को नमाज पढ़ी। इसी दौरान लोगों के पास मोबाइल पर कॉल आने लगे कि समारोह स्थल में बम रखा है तथा विस्फोट होने वाला है जबकि कुछ लोगों के पास फोन आया कि समारोह में विस्फोट हो गया। इस दौरान वहां उपस्थित पुलिस अधिकारियों के पास भी शहर पुलिस से फोन आने लगे।
मस्जिदों से करवाया एलान: बम विस्फोट की खबर परकोटे में आग की तरह फैल गई। रामगंज में लोग अनहोनी की आशंका से सड़कों पर आ गए तथा समारोह में उपस्थित लेागों के पास मोबाइल कर जानकारी लेने लगे। बम की सूचना के अफवाह साबित होने पर इस संबंध में मस्जिदों से ऐलान कराना पड़ा।
लेग आजाद नगर पुलिस चौकी पर पहुंच गए तथा घटना की जानकारी लेने लगे। काफी संख्या में लोग रामगढ़ रोड की ओर गाड़ियों से रवाना हो गए। बाद में जब बम की सूचना झूठी होने का पता चला तो कई मस्जिदों से इस बारे में ऐलान करवाया गया कि इज्जिमा में कुछ नहीं हुआ। वहीं समारोह में कुछ क्रिकेट खिलाड़ियों के पहुंचने की सूचना से भी लोग समारोह के पास स्थित हॉस्टल में उनको देखने पहुंच गए। इस कारण भी कुछ अफरा-तफरी रही।