जयपुर.
आवासीय भूखंडों के फर्जी पट्टे जारी कर लोगों से करोडों रुपए ठगने वाले प्रॉपर्टी व्यवसायी सूरज प्रकाश मीणा ‘झंडेवाला’ को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने झंडेवाला महावीर कॉलोनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से विभिन्न आवासीय कॉलोनियां काटी।
इनके फर्जी पट्टे महावीर स्वामी गृह निर्माण सहकारी समिति एवं इसी तरह की अन्य सहकारी समितियों के नाम से पूर्व तिथियों में जारी किए। बताया जाता है कि फर्जी पट्टे देने का गोरखधंधा आरोपी सोलह साल से कर रहा था। एसओजी के डीआईजी ए.पौन्नूचामी ने बताया कि जगतपुरा में निमड़ी वाले हनुमान जी के पास पवन विहार कॉलोनी निवासी सूरज प्रकाश मीणा ने इनकम टैक्स कॉलोनी जगतपुरा में कार्यालय खोल रखा है। वह पहले सूरजपोल बाजार में रहता था।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने महावीर स्वामी गृह निर्माण सहकारी समिति के कार्यालय से भारी तादाद में पट्टे, नाम परिवर्तन कराए जाने संबंधी आवेदन-पत्र, साइट प्लान, पूर्व तिथियों में काटे गए फर्जी पट्टे, खाली पट्टे तथा महावीर नगर गृह निर्माण सहकारी समिति के नाम की मोहरें बरामद की है। आरोपी ने 1996 से पूर्व की तिथियों में अब तक करीब एक हजार फर्जी पट्टे देने की बात कबूल की है। मीणा के खिलाफ भूखंडों के अवैध कारोबार के संबंध में नेगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट के तहत मामला विचाराधीन है।
इन कॉलोनियों में दिए थे पट्टे
मीणा वर्ष 1991 से फर्जी पट्टे दे रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अब तक चक गैटोर स्थित लक्ष्मी विहार, आगरा रोड पर महावीर नगर, विजयपुरा, दीप विहार कॉलोनी, श्रीराम वाटिका, मां रुक्मणी नगर , रुक्मणी नगर ए, डी, डी-1,डी-2, डी-3, डी-4, डी-5, डी-6, डी-7, गोनेर रोड पर गुरुधाम कॉलोनी, दिल्ली रोड कूकस के पास महावीर नगर, महावीर नगर याडलीपुरा टोंक रोड, महावीर नगर ए याडलीपुरा में आवासीय योजनाओं के पट्टे काट चुका है। अधिकतर कॉलोनियां अनधिकृत थीं।
प्रशासक नियुक्त, फिर भी काट रहा था पट्टा
एसओजी ने जांच में पाया कि आरोपी महावीर स्वामी गृह निर्माण सहकारी समिति के नाम से लोगों को पूर्व तिथियों में पट्टे दे रहा था जबकि वर्ष 1996 से इस सहकारी समिति पर संयुक्त रजिस्ट्रार बैंकिंग सहकारी विभाग जयपुर को प्रशासक नियुक्त किया हुआ है। इस समिति के नाम से अध्यक्ष महेन्द्र चौधरी के हस्ताक्षर से 1996 से पूर्व की तिथियों में पट्टे जारी किए जा रहे हैं। महेन्द्र चौधरी की मृत्यु 29 अक्टूबर 05 को हो चुकी है।
एसओजी में शिकायत
सूरज प्रकाश के खिलाफ एसओजी में वाटिका रोड स्थित बालाजी विहार प्रथम निवासी कन्हैयालाल सैनी ने छह फरवरी को शिकायत की थी कि उसने तथा उसके भाई ने महावीर कॉलोनाइजर्स से टोंक रोड स्थित याडलीपुरा गांव के पास किश्तों में पट्टे लिए थे। आरोपी ने बताया था कि वह महावीर नगर में पांच हजार प्लॉटों की स्कीम काट रहा है। प्लॉट का भुगतान भी किश्तों में करना है। उसने दो प्लॉट ले लिए। प्लॉट का कब्जा मांगने गया तो उसे भगा दिया। बाद में उसने गिरधारीलालपुरा का पट्टा दे दिया।