अजमेर.
अंजुमन सैयदजादगान के चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित नहीं किए जा सके। देर रात तक चली वोटों की गिनती में निवर्तमान सदर सैयद गुलाम किबरिया और विपक्षी वाहिद अंगारा खेमे में कांटे की टक्कर के संकेत मिले। तीसरा मोर्चा के सैयद एनुद्दीन चिश्ती के अलावा और कोई उम्मीदवार दौड़ में शामिल नहीं हो सका। आठ सौ वोटों की गिनती मंगलवार को की जाएगी।
इमामबाड़ा में चल रही मतगणना में रात बारह बजे तक लगभग 761 वोटों की गिनती पूरी हुई। पहले दौर के रुझानों से पता चलता है कि सैयद गुलाम किबरिया चिश्ती व सैयद सरवर चिश्ती की टीम बढ़त बनाए हुए है। उनकी टीम के 12 नुमाइंदे आगे चल रहे है, जबकि वाहिद गुट के 8 सदस्यों ने बढ़त बनाई हुई है।
सरवर खेमे के जो उम्मीदवार आगे हैं, उनमें सैयद अबु तालिब चिश्ती, सैयद अकील अहमद, सैयद गुलाम ख्वाजा, सैयद इमरान अहमद ख्वाजगानी, एडवोकेट सैयद इकबाल अहमद, सैयद सरवर चिश्ती, सैयद मुनव्वर चिश्ती, सैयद महमूद-उल-हसन चिश्ती, मोहम्मद हसन हाशमी, सैयद नाजिमुद्दीन नाजिम और सैयद ईसा मियां चिश्ती सहित 12 प्रत्याशी बढ़त बनाने में कामयाब हुए हैं।
विपक्षी खेमे के वाहिद अंगारा, सैयद हिसामुद्दीन, सैयद मुशीर, सैयद कलीमुद्दीन चिश्ती, सैयद आले मुस्तुफा, सैयद मुशर्रफ अली, सैयद आले मोहम्मद और सैयद अब्दुल रहमान चिश्ती दौड़ में बने हुए हैं। तीसरा मोर्चा के संस्थापक सदस्य एनुद्दीन चिश्ती को 70 वोट मिलने की जानकारी मिली है। प्रथम चरण की गणना में तीनों ही खेमों के कुछ प्रमुख नेता पिछड़ रहे हैं।
मतगणना में आसानी के लिए कुल 1562 मतों को 25-25 के बंडलों में बांटा गया। इसके बाद पहले उन मतों की छंटाई की गई, जिसमें किबरिया और वाहिद खेमे के सदस्यों को पूरे 21-21 मत प्राप्त हुए। ऐसे मतों की संख्या 571 थी। इन में से 303 मत अंगारा खेमे के सदस्यों के पक्ष में गए अर्थात प्रत्येक सदस्य को 303 वोट मिले, इसके विपरीत किबरिया खेमे को 268 वोट मिले।
अर्थात किबरिया खेमे के प्रत्येक सदस्य को 268 वोट मिले। पार्टी को मिले वोटों में वाहिद अंगारा के दल ने 35 वोटों की बढ़त बनाई, लेकिन जब 25-25 मतों के बंडल वाले कॉमन वोटों की गिनती शुरू हुई तो किबरिया खेमे ने इस बढ़त को कवर कर लिया। 190 वोटों की गिनती के बाद रात बारह बजे मतगणना रोक दी गई। निर्वाचन अधिकारी किशन गुर्जर के मुताबिक 21 से अधिक उम्मीदवारों पर सील वाले दस वोट रिजेक्ट कर दिए गए हैं। इलेक्शन कन्वीनर सैयद जियाउद्दीन चिश्ती ने बताया कि लगभग आठ सौ वोट की गिनती मंगलवार सुबह दस बजे शुरू होगी।